लालू परिवार लैंड फॉर जॉब फैसला: RJD चीफ लालू, तेजस्वी और राबड़ी देवी के लिए आज का दिन अहम, नौकरी के बदले जमीन मामले में कोर्ट सुना सकता है फैसला
Lalu Parivar Land For Job Faisla: RJD चीफ लालू यादव, तेजस्वी और राबड़ी देवी पर लैंड फॉर जॉब मामले में कोर्ट आज फैसला सुना सकती है। CBI ने 2004-09 के बीच नियमों का उल्लंघन कर नौकरी देने का लगाया आरोप।
नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) चीफ लालू प्रसाद यादव, उनके बेटे तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के लिए आज, गुरुवार (4 दिसंबर 2025) का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। लैंड फॉर जॉब (नौकरी के बदले जमीन) मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू की स्पेशल सीबीआई कोर्ट लालू परिवार के खिलाफ आरोप तय करने पर फैसला सुना सकती है।
10 नवंबर को पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सभी सबूतों और दस्तावेजों की गहन समीक्षा के लिए फैसला 4 दिसंबर के लिए टाल दिया था।
क्या है लैंड फॉर जॉब मामला?
सीबीआई (CBI) ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर आरोप लगाया है कि लालू प्रसाद यादव ने केंद्रीय रेल मंत्री रहने के दौरान पद का दुरुपयोग किया:
-
साजिश: आरोप है कि साजिशन 2004 से 2009 के बीच नियमों को ताक पर रख रेलवे में ग्रुप-D श्रेणी की भर्तियां की गईं।
-
रिश्वत: इन भर्तियों के बदले अभ्यर्थियों की जमीन लालू प्रसाद यादव के परिवार या उनके करीबी लोगों के नाम पर सस्ती दरों पर ट्रांसफर करवा ली गई।
-
आरोप तय: इससे पहले, कोर्ट ने लालू समेत 14 आरोपियों पर आरोप तय किए थे। सीबीआई द्वारा पेश किए गए सबूतों के आधार पर कोर्ट ने पाया था कि रेल मंत्री रहते लालू यादव की जानकारी में यह साजिश रची गई थी।
राबड़ी देवी ने की थी जज बदलने की मांग
इस दौरान, राबड़ी देवी ने मामले की सुनवाई कर रहे जज विशाल गोगने पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए जज बदलने की मांग भी की थी, जिस पर कोर्ट ने सीबीआई से जवाब मांगा था।
बिहार विधानसभा चुनाव में कड़ी शिकस्त का सामना करने के बाद लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए आज का दिन और भी दिक्कत भरा हो सकता है।