विश्व पर्यावरण दिवस पर वाराणसी मंडल में जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, कपड़े के झोलों का वितरण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वाराणसी, 31 मई 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अभिषेक राय के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल द्वारा 15 मई से 05 जून 2026 तक व्यापक पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक प्रदूषण उन्मूलन को लेकर अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस विशेष अभियान में प्रभात फेरी, प्लास्टिक प्रदूषण की निगरानी एवं आकलन, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान, पोस्टर एवं डिजिटल सामग्री के माध्यम से जनजागरण तथा रेलवे कर्मचारियों के लिए प्लास्टिक कचरे को कम करने संबंधी कार्यशालाओं का आयोजन शामिल है।
इसी क्रम में 31 मई 2026 को वाराणसी मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों—आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बनारस, भटनी, बलिया, छपरा, देवरिया सदर, गाजीपुर सिटी, मऊ, प्रयागराज रामबाग, सीवान एवं सलेमपुर—पर विशेष जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन अभ्यास अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान स्टेशन परिसरों, रेलवे कॉलोनियों तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही रेलवे स्टेशनों पर वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से यात्रियों एवं कर्मचारियों के बीच कपड़े के झोलों का भी वितरण किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस जागरूकता कार्यक्रम के तहत रेलवे कॉलोनियों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। वहीं प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
रेल प्रशासन ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।