मुंबई पैगंबर मोहम्मद का बाल ठगी: 'डिब्बी में पैगंबर मोहम्मद का बाल है, गहने दोगुने हो जाएंगे…', शातिर ठग ने दो महिलाओं को लगाया ₹11 लाख का चूना
Mumbai Paigambar Mohammad Ka Baal Thagi: मुंबई में खुद को पैगंबर मोहम्मद का वंशज बताने वाले शख्स ने दो महिलाओं को ₹11 लाख के गहनों का चूना लगाया। कांच की डिब्बी में बाल दिखाकर गहने दोगुने करने का झांसा दिया।
मुंबई, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से ठगी का एक बेहद अजब-गजब और शातिराना मामला सामने आया है। माहिम थाना क्षेत्र में मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी नामक एक व्यक्ति ने खुद को पैगंबर मोहम्मद का वंशज बताकर दो महिलाओं से ₹11 लाख रुपये मूल्य के गहनों की ठगी की। आरोपी ने महिलाओं को झांसा दिया कि उनके गहने डिब्बी में रखे पैगंबर मोहम्मद के बाल के संपर्क में आकर दोगुने हो जाएंगे।
महिलाओं और उनके पतियों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
दरगाह पर शुरू हुई थी मुलाकात
शिकायतकर्ता अंसार अहमद अब्दुल गनी और उनके भाई की प्राथमिकी के मुताबिक, इस पूरी घटना की शुरुआत 2022 में हुई थी:
-
पहली मुलाकात: अंसार और उनके भाई की दक्षिण मुंबई स्थित एक दरगाह पर आरोपी मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी से मुलाकात हुई थी।
-
वंशज होने का दावा: कादरी ने बातों-बातों में दावा किया कि वह पैगंबर मोहम्मद का वंशज है और उसके पास उनके बाल हैं।
-
घर पर रस्में: भरोसा जीतने के बाद, कादरी उनके माहिम स्थित घर पर आया और एक कांच की डिब्बी में एक बाल लेकर आया, जिसे उसने पैगंबर मोहम्मद का बाल बताया।
गहने दोगुने करने का झांसा
कादरी ने घर पर कुछ रस्में कीं और कांच की डिब्बी को अलमारी में रखने को कहा। उसने दोनों भाइयों को सख्त निर्देश दिए कि जब तक वह न कहे, तब तक इसे बाहर न निकालें।
-
महिलाओं को फँसाना: कुछ दिन बाद, जब दोनों भाई घर पर नहीं थे, कादरी वापस आया। उसने दोनों भाइयों की पत्नियों से कहा कि वे अपने सारे गहने उस डिब्बी के पास रख दें, जिससे वे कुछ ही दिनों में दोगुने हो जाएंगे और उनके घर में धन-संपत्ति आएगी।
-
ठगी: महिलाओं ने कादरी के कहने पर अपने सारे गहने डिब्बे के पास रख दिए। कादरी ने उन्हें बाहर जाने को कहकर रस्म करने की बात कही। महिलाओं के बाहर निकलते ही, कादरी ने अलमारी से लगभग ₹11 लाख रुपये के गहने निकाले और भाग गया।
कादरी की इस शातिर ठगी का खुलासा कुछ दिनों बाद तब हुआ, जब महिलाओं ने अपने पतियों को पूरी घटना के बारे में बताया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।