जमीन विवाद में बाउंड्री गिराने का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार
वाराणसी में जमीन विवाद के दौरान दबंगों द्वारा बाउंड्री गिराने और मारपीट का आरोप, पीड़ित मिथिलेश कुमार चौबे ने पुलिस से लगाई गुहार।
वाराणसी। वाराणसी में इन दिनों जमीन कब्जाने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में एक नया मामला सामने आया है, जिसमें दबंगों द्वारा जमीन की बाउंड्री गिराने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मिथिलेश कुमार चौबे, पुत्र विजय शंकर चौबे, ने बताया कि उन्होंने आराजी नंबर 181, रकबा 800 वर्ग फीट, मौजा लालपुर, परगना शिवपुर, तहसील वाराणसी की जमीन का बैनामा दिनांक 7 दिसंबर 2024 को कराया था। पीड़ित का कहना है कि वह अपनी जमीन पर मजदूरों के साथ बाउंड्री निर्माण कार्य करवा रहे थे।
आरोप है कि बुधवार दोपहर करीब 3 बजे कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और बन रही बाउंड्री को जबरन गिरा दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दबंगई दिखाई।
घटना के बाद पीड़ित ने सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय कमिश्नरेट वाराणसी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।