ब्रेथ ईजी के बढ़ते कदम – रामनगर में “ब्रेथ ईजी इमरजेंसी यूनिट” का शुभारंभ
रामनगर में ब्रेथ ईजी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा इमरजेंसी यूनिट का शुभारंभ, 672 लोगों को मिला नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श व उपचार।
वाराणसी से अश्वनी सेठ की रिपोर्ट
वाराणसी। जनपद के रामनगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हुए ब्रेथ ईजी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा 22 मार्च 2026 (रविवार) को “ब्रेथ ईजी इमरजेंसी यूनिट” का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब स्थानीय मरीजों को एक ही छत के नीचे इमरजेंसी और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद, आईएमए वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एस.के. पाठक एवं संस्थान की निदेशिका डॉ. सुनीता पाठक ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर को जनसेवा से जोड़ते हुए ब्रेथ ईजी द्वारा एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 672 लोगों को नि:शुल्क परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाओं का वितरण किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित सलाह दी।
मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एस.के. पाठक ने बताया कि यह इमरजेंसी यूनिट विशेष रूप से उन मरीजों के लिए लाभकारी होगी, जिन्हें पहले आपातकालीन उपचार के लिए दूर शहरों का रुख करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल की स्थापना की प्रेरणा उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वस्थ भारत” के विजन से मिली, जिसमें ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
डॉ. पाठक ने आगे बताया कि इस यूनिट में चेस्ट, मेडिसिन, बाल रोग, सर्जरी, हृदय रोग सहित अन्य बीमारियों का आधुनिक तकनीकों से इलाज किया जाएगा। इससे रामनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को समय पर और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी ने ब्रेथ ईजी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता अभियान समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने डॉ. एस.के. पाठक को एक कुशल चिकित्सक के साथ-साथ समर्पित समाजसेवी बताते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की।
इस स्वास्थ्य शिविर में ब्रेथ ईजी के विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें श्वास एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वप्निल पाठक, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवांगी पांडेय, जनरल फिजिशियन डॉ. साक्षी पाठक, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. पटेल तथा गैस्ट्रो एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. ए.के. गुप्ता शामिल रहे।
संस्थान की निदेशिका डॉ. सुनीता पाठक ने बताया कि ब्रेथ ईजी पिछले 18 वर्षों से पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में कार्य कर रहा है, जहां गंभीर से गंभीर मरीजों का कम समय और कम खर्च में उपचार संभव हो पाता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ब्रेथ ईजी फाउंडेशन की टीम ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम के सदस्यों ने स्वास्थ्य शिविर में आए मरीजों के पंजीकरण, जांच एवं अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस पहल से रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।