ट्रेनों में अवैध वेंडिंग पर रेलवे का सख्त अभियान, छपरा जंक्शन पर 11 अनाधिकृत वेंडर पकड़े गए
वाराणसी मंडल के विशेष अभियान के तहत छपरा जंक्शन पर नई दिल्ली-बरौनी एक्सप्रेस और साबरमती एक्सप्रेस में जांच के दौरान 11 अनाधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया। रेलवे ने 79 बोतल बंद पानी सहित खाद्य सामग्री जब्त कर सभी को आरपीएफ के हवाले किया।
वाराणसी/छपरा, 15 अप्रैल 2026। वाराणसी मंडल में ट्रेनों के भीतर अवैध वेंडिंग और अनधिकृत पानी की बोतलों की बिक्री के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्त अभियान तेज कर दिया है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षकों की टीम लगातार विशेष जांच अभियान चला रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को छपरा जंक्शन पर विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान गाड़ी संख्या 02564 नई दिल्ली-बरौनी एक्सप्रेस तथा 19166 साबरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोचों में 11 अनाधिकृत वेंडरों को अवैध रूप से सामान बेचते हुए पकड़ा गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए वेंडर यात्रियों को चना, पेड़ा, बिस्कुट सहित 79 बोतल बंद पानी बेच रहे थे। यह बिक्री बिना किसी वैध अनुमति के की जा रही थी, जो रेलवे नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
कार्रवाई के बाद सभी अनाधिकृत वेंडरों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), पोस्ट छपरा को सौंप दिया गया है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री और पानी खरीदें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या ठगी से बचा जा सके।