संभावित रेल दुर्घटना टली, आशुतोष कुमार बने ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने वाराणसी मंडल के कर्मचारी आशुतोष कुमार को ट्रैक फ्रैक्चर की समय पर सूचना देकर संभावित दुर्घटना टालने पर ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजा।
वाराणसी, 16 अप्रैल 2026।
पूर्वोत्तर रेलवे में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने वाराणसी मंडल के एक कर्मचारी को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ घोषित कर सम्मानित किया। यह सम्मान 15 अप्रैल 2026 को महाप्रबंधक सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वाराणसी मंडल के चौरी चौरा स्टेशन पर ई.एस.एम. के पद पर कार्यरत आशुतोष कुमार को उनकी सतर्कता, सूझबूझ और तत्परता के लिए नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को सरदार नगर रेलवे स्टेशन की लाइन संख्या-01 पर ट्रैक विफलता की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही आशुतोष कुमार बिना समय गंवाए सड़क मार्ग से तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उन्होंने पाया कि रेलवे ट्रैक में रेल फ्रैक्चर हुआ है, जो किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर एवं इंजीनियरिंग विभाग को दी, जिसके बाद समय रहते आवश्यक मरम्मत कार्य कराया गया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई।
महाप्रबंधक ने इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेलवे संरक्षा में कर्मचारियों की सजगता और जिम्मेदारी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आशुतोष कुमार का यह कार्य अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।