IRISET के नेतृत्व में वाराणसी मंडल में ‘कवच 4.0’ पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित

IRISET के तत्वावधान में वाराणसी मंडल में ‘कवच 4.0’ प्रणाली पर विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और तकनीशियनों को उन्नत तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।

Apr 18, 2026 - 18:41
 0
IRISET के नेतृत्व में वाराणसी मंडल में ‘कवच 4.0’ पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित

वाराणसी। Indian Railway Institute of Signal Engineering and Telecommunications (IRISET) देश में ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) सिस्टम के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में 17 अप्रैल 2026 को IRISET के तत्वावधान में वाराणसी मंडल के भारतेंदु सभा कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।

इस प्रशिक्षण में मंडलीय अधिकारियों, तकनीशियनों और लोको निरीक्षकों को ‘कवच 4.0’ प्रणाली पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रशिक्षित किया गया। सत्र में बताया गया कि ‘कवच’ के नवीनतम संस्करण 4.0 में बेहतर लोकेशन सटीकता के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम से सीधा इंटरफेस जैसी उन्नत सुविधाएं शामिल की गई हैं। IRISET के उत्कृष्टता केंद्र द्वारा क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्रों के लिए ट्रैकसाइड और ऑनबोर्ड उपकरणों पर आधारित संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी तैयार किए गए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य वक्ता के रूप में एम. मुनिकुमार (ईडी/टीडी/सीओई/आरडीएसओ, सिकंदराबाद) ने ‘कवच’ प्रणाली के तकनीकी पहलुओं, वर्तमान प्रगति, चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सिकंदराबाद से जुड़े अधिकारियों ने परियोजना की अद्यतन स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना पर भी प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण सत्र के समापन पर आशीष जैन (मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी) ने अधिकारियों को ‘कवच’ प्रणाली से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय और निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

इस ऑनलाइन सत्र में अपर मंडल रेल प्रबंधक (आप) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी, तकनीशियन और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।