महिलाओं से अभद्रता और धमकी का मामला, मकान बेचने का बनाया जा रहा दबाव, CCTV फुटेज आया सामने

वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र में महिलाओं से अभद्रता, अश्लील टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। पीड़ित परिवार ने मकान बेचने का दबाव बनाने और आरोपी की हरकतों का CCTV फुटेज सामने आने का दावा किया है।

May 25, 2026 - 15:15
 0
महिलाओं से अभद्रता और धमकी का मामला, मकान बेचने का बनाया जा रहा दबाव, CCTV फुटेज आया सामने

वाराणसी। प्रधानमंत्री Narendra Modi के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ दबंगों द्वारा एक परिवार पर मकान बेचने का दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्रता, अश्लील टिप्पणी तथा जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार विशाल जायसवाल और हनुमान जायसवाल के परिवार को मल्लू चौरसिया उर्फ विनोद, रिंकू चौरसिया उर्फ माउ तथा लक्कड़ नामक व्यक्तियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोप है कि घर के अभिभावकों की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर महिलाओं के साथ गाली-गलौज, अश्लील हरकतें और अभद्र व्यवहार किया गया।

परिवार का कहना है कि आरोपियों ने खुलेआम “जान से मारने” और “काट देने” जैसी धमकियां भी दीं, जिससे परिवार दहशत में है। मामले का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों की कथित गतिविधियां कैद होने का दावा किया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।