पैनेसिया हॉस्पिटल की निदेशक ने डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

वाराणसी के पैनेसिया हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. पल्लवी ओझा ने कुछ लोगों पर अवैध वसूली, धमकी और अस्पताल की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Jun 11, 2026 - 11:12
 0
पैनेसिया हॉस्पिटल की निदेशक ने डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

वाराणसी। कबीर नगर, दुर्गाकुंड स्थित सुपर मल्टीस्पेशालिटी पैनेसिया हॉस्पिटल की निदेशक एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी ओझा ने अस्पताल परिसर में कथित रूप से हो रही धमकी, मानसिक प्रताड़ना और अवैध वसूली के प्रयासों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

जारी विज्ञप्ति के अनुसार डॉ. ओझा ने कहा कि पैनेसिया हॉस्पिटल पिछले कई वर्षों से अनुभवी चिकित्सकों की टीम के माध्यम से न्यूनतम दरों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व अस्पताल की छवि धूमिल करने और निजी स्वार्थ साधने के उद्देश्य से लगातार दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

डॉ. ओझा के अनुसार एक मरीज मंजू सिंह को ऑपरेशन के बाद 30 दिनों के भीतर डीजेए स्टेंट हटवाने की सलाह दी गई थी। उनका कहना है कि मरीज ने निर्धारित समय पर यह प्रक्रिया नहीं कराई अथवा किसी अन्य स्थान पर कराई। इसके बाद पिछले लगभग दो वर्षों से कुछ लोग अस्पताल प्रबंधन पर कथित रूप से 50 लाख रुपये की मांग का दबाव बना रहे हैं और समय-समय पर अस्पताल के बाहर आकर विरोध प्रदर्शन एवं हंगामा करते रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) वाराणसी स्तर पर भी की जा रही है, लेकिन संबंधित पक्ष द्वारा जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है। साथ ही अस्पताल परिसर के बाहर विरोध और तोड़फोड़ जैसी गतिविधियां किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

डॉ. ओझा ने दावा किया कि 9 जून को करौंदी निवासी शुभम सिंह अपने लगभग 15 साथियों के साथ अस्पताल के सामने पहुंचे और कथित रूप से अभद्र व्यवहार एवं हंगामा किया। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन के पास वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध होने की बात कही गई है।

अस्पताल प्रबंधन ने जिला प्रशासन एवं भेलूपुर थाना पुलिस से मांग की है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

हालांकि, इस मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।