उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत

उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का वाराणसी में भव्य स्वागत, 20 सूत्रीय मांगों को लेकर जुलाई में बड़े आंदोलन की चेतावनी।

Mar 18, 2026 - 19:59
 0
उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत

वाराणसी से अश्वनी सेठ की रिपोर्ट

वाराणसी। वाराणसी के कबीरचौरा स्थित कंपोजिट विद्यालय में उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ की स्थानीय शाखा द्वारा नवनियुक्त प्रांतीय पदाधिकारियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कर्मचारियों में उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष जी.के. शर्मा ने की, जबकि संचालन प्रांतीय संरक्षक मुन्नूलाल रावत द्वारा किया गया। समारोह में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शाल, माल्यार्पण एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित पदाधिकारी

इस अवसर पर जिन प्रमुख पदाधिकारियों का सम्मान किया गया, उनमें पिताम्बर चौधरी (कार्यवाहक अध्यक्ष, बस्ती), बद्री प्रसाद (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), विनोद त्रिपाठी (महामंत्री), संगीता गिरी एवं माया देवी (उपाध्यक्ष/कोषाध्यक्ष, वाराणसी), राधिकारंजन तिवारी (प्रचार मंत्री), आलोक शास्त्री (ऑडिटर, वाराणसी), रामप्रसाद सरोज (संगठन मंत्री, मिर्जापुर), यमुना प्रसाद गौड़, नारायण प्रसाद एवं जगदीश प्रसाद (संयुक्त मंत्री, आजमगढ़), सी.पी. पाण्डेय (सलाहकार, रायबरेली) तथा बबलू चौधरी 'टाइगर' (सलाहकार, सुल्तानपुर) शामिल रहे।

प्रमुख मांगें और आंदोलन की चेतावनी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष जी.के. शर्मा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की 20 सूत्रीय मांगों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कर्मचारियों को संगठित करने के लिए मंडल स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे और जुलाई माह में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

प्रांतीय संरक्षक मुन्नूलाल रावत ने महासंघ की प्रमुख मांगों को दोहराते हुए कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्तियों पर लगा प्रतिबंध हटाया जाए और नई भर्तियां की जाएं। साथ ही आशा बहुओं एवं रसोइयों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देकर न्यूनतम ₹21,000 मानदेय निर्धारित किया जाए। उन्होंने सिंचाई विभाग के कर्मचारी राधिकारंजन तिवारी के बकाया भुगतान व पेंशन के निस्तारण तथा स्मारक, संग्रहालय और पार्कों में कार्यरत कर्मचारियों को सातवां वेतनमान लागू करने की मांग भी उठाई।

बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे उपस्थित

समारोह में मनोज कुमार, रेशमलाल, नीलम देवी, प्रदीप कुमार, शहजाद अहमद, शेरबहादुर सिंह, चंचल मौर्य, सरोज गिरि, रेखा देवी, दीनदयाल यादव, घनश्याम गुप्ता, मुराहू प्रसाद, अवधेश कुमार गुप्ता और राजेश्वर गौतम सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।