जाल्हूपुर चौकी इंचार्ज पर मिलीभगत का आरोप, पट्टे की जमीन पर पोल्ट्री फार्म कब्जाने का गंभीर मामला

वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में पट्टे की जमीन पर बने पोल्ट्री फार्म पर कब्जे को लेकर विवाद, चौकी इंचार्ज पर मिलीभगत के आरोप।

Apr 29, 2026 - 13:01
Apr 29, 2026 - 13:49
 0
जाल्हूपुर चौकी इंचार्ज पर मिलीभगत का आरोप, पट्टे की जमीन पर पोल्ट्री फार्म कब्जाने का गंभीर मामला

वाराणसी, संवाददाता:

वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जाल्लूपुर चौकी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने कथित रूप से विपक्षी पक्ष के साथ मिलकर पट्टे की जमीन पर बने पोल्ट्री फार्म पर जबरन कब्जा कराने में सहयोग किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अमौली निवासी पंकज सिंह ने बताया कि उन्होंने मौजा अमौली स्थित लगभग 6000 वर्गफीट जमीन वर्ष 2022 में 10 वर्षों के लिए लीज पर ली थी। इस जमीन पर उन्होंने निवेश कर पोल्ट्री फार्म स्थापित किया और व्यवसाय शुरू किया। उनका कहना है कि वे नियमित रूप से किराया अदा कर रहे हैं, जो वार्षिक बढ़ोतरी के साथ वर्तमान में लगभग 6,945 रुपये तक पहुंच चुका है।

पीड़ित के मुताबिक, अभी लीज की अवधि समाप्त होने में समय बाकी है, लेकिन जमीन मालिक कैलाश नाथ सिंह की नीयत में बदलाव आ गया है। आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को विपक्षी पक्ष ने जमीन पर ईंट-बालू गिराकर चारों ओर बाउंड्रीवाल खड़ी कर कब्जा करने का प्रयास किया।

पंकज सिंह का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चौकी इंचार्ज मनीष चौधरी पर विपक्षी का पक्ष लेने और कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। साथ ही, चौकी पर तैनात इंस्पेक्टर कुंवर दिलीप पर भी रिश्तेदारी के चलते मिलीभगत का संदेह जताया गया है।

पीड़ित के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी चौबेपुर को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे विपक्षी का मनोबल बढ़ता जा रहा है और कथित कब्जा जारी है।

प्रार्थी ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए मांग की है कि अवैध कब्जा तत्काल हटवाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, स्थानीय पुलिस को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने की अपील की गई है।