वाराणसी में पीएम आगमन से पहले ट्रैफिक अलर्ट, 29 अप्रैल को कई रूट डायवर्ट
वाराणसी में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर 29 अप्रैल 2026 को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, शहर के कई मार्गों पर डायवर्जन लागू, आम जनता से वैकल्पिक रास्तों के उपयोग की अपील।
वाराणसी, 29 अप्रैल 2026: वाराणसी में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 28 और 29 अप्रैल को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर रोक और डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल को कार्यक्रम से करीब दो घंटे पहले ही बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहा से भारी वाहनों और रोडवेज/प्राइवेट बसों का शहर की ओर प्रवेश पूरी तरह रोक दिया जाएगा। इन वाहनों को बड़ागांव की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बाबतपुर से हरहुआ तक के मार्ग पर भी बड़े वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें रिंग रोड होते हुए लोहता की तरफ भेजा जाएगा।
इसके अलावा अमरा अखरी अंडरपास, चांदपुर चौराहा, बउलिया तिराहा और हरहुआ रिंग रोड जैसे प्रमुख स्थानों से बसों और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से मोहनसराय और लोहता की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पड़ाव चौराहा से राजघाट की दिशा में मालवाहक वाहनों का संचालन सुबह 6 बजे से 10 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा।
शहर के अंदर भी कई स्थानों पर चार पहिया, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए विशेष डायवर्जन लागू रहेंगे। मण्डुवाडीह, लहरतारा, महमूरगंज, रथयात्रा, भिखारीपुर, काली माता मंदिर, मलदहिया, लहुराबीर, गोदौलिया और मैदागिन जैसे व्यस्त क्षेत्रों में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात को अस्थायी रूप से रोका या मोड़ा जाएगा।
Banaras Locomotive Works (बीएलडब्ल्यू) परिसर के अंदर भी सुरक्षा के मद्देनज़र विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, जहां कार्यक्रम स्थल के आसपास सभी सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इन तिथियों में अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें ताकि असुविधा से बचा जा सके।
किसी भी आपात स्थिति या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम (7839856994) और हेल्पलाइन नंबर (7317202020) पर संपर्क किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सहयोग से ही कार्यक्रम को सफल और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सकता है।