OLX पर फर्जी विज्ञापन डालकर ऑनलाइन ठगी करने वाला साइबर अपराधी वाराणसी में गिरफ्तार

वाराणसी साइबर सेल की प्रतिबिम्ब टीम ने OLX पर फर्जी विज्ञापन डालकर ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ देशभर में 73 शिकायतें दर्ज हैं।

May 15, 2026 - 15:45
 0
OLX पर फर्जी विज्ञापन डालकर ऑनलाइन ठगी करने वाला साइबर अपराधी वाराणसी में गिरफ्तार

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर सेल की प्रतिबिम्ब टीम ने OLX और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एसी व घरेलू सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को थाना सिगरा क्षेत्र स्थित होटल प्लाजा इन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक और नकदी बरामद की है।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल एवं अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध साइबर नृपेन्द्र तथा सहायक पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम विदुष सक्सेना के नेतृत्व में साइबर सेल की प्रतिबिम्ब टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जलादी नागराजू पुत्र जलादी वीरय्या निवासी ग्राम नरकोडुर, चेब्रोलु मंडल, जनपद गुंटूर, आंध्र प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 38 वर्ष बताई जा रही है।

जांच में सामने आया कि आरोपी OLX सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एसी एवं अन्य सामान बेचने के नाम पर फर्जी विज्ञापन पोस्ट करता था। वह ग्राहकों को कम कीमत का लालच देकर पहले ऑनलाइन भुगतान कराता था और पैसा मिलते ही मोबाइल नंबर बंद कर फरार हो जाता था। पहचान छिपाने के लिए आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और IMEI का इस्तेमाल करता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी भुगतान लेने के लिए गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े QR कोड का उपयोग करता था, ताकि वास्तविक बैंक खातों की जानकारी छिपी रहे। आरोपी लगातार शहर बदलकर होटल में रुकता था और वहीं से साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने वर्ष 2015 से इस प्रकार की ऑनलाइन ठगी करना स्वीकार किया है। जांच में विभिन्न राज्यों से उसके खिलाफ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की कुल 73 शिकायतें सामने आई हैं। समन्वय पोर्टल पर प्राप्त विवरण के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन के IMEI नंबर से डिजिटल अरेस्ट से संबंधित शिकायतों की जानकारी भी मिली है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।

अब तक की जांच में करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।

बरामद सामान

03 एंड्रॉयड मोबाइल फोन

01 कीपैड मोबाइल फोन

06 सिम कार्ड

02 एटीएम कार्ड

01 यस बैंक चेकबुक

01 QR कोड कार्ड

₹5650 नकद

गिरफ्तारी करने वाली टीम

साइबर सेल टीम

प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी

उप निरीक्षक हिमांशु त्रिपाठी

उप निरीक्षक आलोक यादव

महिला उप निरीक्षक दिव्या भदौरिया

आरक्षी अंकित गुप्ता

थाना सिगरा टीम

उप निरीक्षक भरत भट्ट

आरक्षी सुमित साहू