लखनऊ अटल ब्रिज: स्माइलिंग थीम और ₹54 करोड़ लागत… अहमदाबाद के 'अटल ब्रिज' की तर्ज पर गोमती नदी पर बनेगा पेडेस्ट्रियन ब्रिज, जानें क्या है खास?
Lucknow Atal Bridge: अहमदाबाद के अटल ब्रिज की तर्ज पर गोमती नदी पर 54 करोड़ की लागत से पेडेस्ट्रियन ब्रिज बनेगा। LDA ने स्माइलिंग थीम डिजाइन को दी अंतिम रूप। रिवर फ्रंट से होगी सीधी कनेक्टिविटी।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को एक नई पहचान देने के लिए गोमती नदी पर अहमदाबाद के अटल ब्रिज की तर्ज पर एक भव्य पेडेस्ट्रियन ब्रिज (पैदल यात्री पुल) का निर्माण किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इस परियोजना की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है। लखनऊ अटल ब्रिज की इस परियोजना पर लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि यह 180 मीटर लंबा ब्रिज रिवर फ्रंट के दोनों किनारों को जोड़ेगा, जिससे शहर के लोगों की आवाजाही और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। शासन से स्वीकृति मिलते ही परियोजना का काम शुरू करा दिया जाएगा।
'मुस्कुराइए की आप लखनऊ में हैं' थीम
ब्रिज की डिजाइन अनूठी व बेहद खास हो, इसके लिए एक आर्किटेक्ट डिजाइन कॉम्पटीशन आयोजित कराया गया था। ज्यूरी पैनल ने मुंबई की संस्था आरवैम्प स्टूडियो की डिजाइन को चयनित किया, जिसके आधार पर इसका निर्माण कराया जाएगा।
-
थीम: यह पेडेस्ट्रियन ब्रिज 'मुस्कुराइए की आप लखनऊ में हैं' की स्माइलिंग थीम पर आधारित होगा, जिसकी झलक इसकी पूरी डिजाइन में दिखेगी।
-
सौंदर्यीकरण: पुल की सतह पर स्टाम्प कंक्रीटिंग, ग्रेनाइट का काम होगा। टेन्साइल स्ट्रक्चर से रूफिंग की जाएगी। पुल पर स्ट्रीट लाइट्स, बोलार्ड लाइट्स व फ्लोर लाइट्स लगवाई जाएंगी, जिससे रात के समय यह एक सुंदर आकृति में जगमगाएगा।
-
हरियाली: ब्रिज पर सजावटी पौधों व छोटे फूलदार वृक्षों के साथ लैंडस्केपिंग का कार्य भी किया जाएगा।
ब्रिज की संरचना और लाभ
यह ब्रिज गोमती नदी के दोनों किनारों को जोड़कर रिवर फ्रंट पर होने वाली गतिविधियों की उपयोगिता बढ़ाएगा।
-
चौड़ाई और लंबाई: नदी पर यह ब्रिज 180 मीटर लंबा होगा। रैंप और प्लेटफार्म को मिलाकर इसकी कुल लंबाई 380 मीटर तक होगी। चहलकदमी को आसान बनाने के लिए इसकी चौड़ाई 12 मीटर रखी जाएगी।
-
व्यूइंग स्पैन: पुल के तल पर 30 मीटर और 40 मीटर चौड़े स्पैन प्लेट गर्डर्स दिए जाएंगे, जहां लोग खड़े होकर नदी का शानदार नजारा देख सकेंगे।
-
लाभ: यहाँ ब्रिज बनने से गोमती नदी के दायें किनारे पर विकसित क्रिकेट स्टेडियम, विवाह स्थल, किड्स प्ले एरिया, एम्फीथिएटर, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और वॉटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों की उपयोगिता सार्थक होगी।