श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन ने विश्व पर्यावरण दिवस पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ग्राम पंचायत सांईपुर में श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं, बच्चों और किशोरियों ने चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Jun 6, 2026 - 11:53
 0
श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन ने विश्व पर्यावरण दिवस पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वाराणसी, 05 जून 2026।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सांईपुर में श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, बच्चों, किशोरियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने चार्ट पेपर पर आकर्षक चित्र बनाकर पर्यावरण के महत्व को प्रदर्शित किया। बच्चों और महिलाओं ने अपने चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से स्वच्छ पर्यावरण, हरियाली, जल संरक्षण और प्रदूषण मुक्त जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन का मूल आधार है। स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरियाली के बिना मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। बताया गया कि महिलाएं घर और समाज दोनों की संरक्षक होती हैं। वे जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता और प्लास्टिक के कम उपयोग जैसी आदतों को अपनाकर पूरे परिवार को पर्यावरण के प्रति जागरूक बना सकती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं वन एवं जल संरक्षण के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे tरही हैं तथा बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में भी उनकी अहम भूमिका है।

वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक महिला पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ले और अपने परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करे, तो समाज और देश को अधिक स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्री लक्ष्मीकुण्ड फाउंडेशन की सह-निदेशिका श्रीमती बैजन्ती, वित्त निदेशक श्री शनि कुमार रंजन, परियोजना कोऑर्डिनेटर श्री गौतम सहित पूजा शर्मा, विकास कुमार एवं ईश्वरलाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।