पंजाब: तरनतारन से AAP विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का निधन, केजरीवाल और मान ने दी श्रद्धांजलि
पंजाब के तरनतारन से आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का शुक्रवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

चंडीगढ़, पंजाब: पंजाब के तरनतारन से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने देर रात अमृतसर के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। डॉ. सोहल लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया दुख
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, "तरनतारन से हमारी पार्टी के सम्माननीय विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल जी के आकस्मिक निधन की दुखद खबर मिली। सुनकर बेहद दुख हुआ, डॉ. साहब पार्टी के एक मेहनती और संघर्षशील नेता थे। इस दुख भरी घड़ी में उनके परिवार के प्रति दिल से हमदर्दी। परमात्मा दिवगंत आत्मा को शांति दें और परिवार सहित चाहने वालों को इस मुश्किल समय में धैर्य और हिम्मत दे।"
अरविंद केजरीवाल ने भी दी श्रद्धांजलि
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी विधायक के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "डॉ. कश्मीर सिंह सोहल जी के निधन की खबर बेहद दुखद है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत दे।"
कौन थे डॉ. कश्मीर सिंह सोहल?
डॉ. कश्मीर सिंह सोहल लंबे समय से राजनीति में सक्रिय थे। वह न सिर्फ एक जुझारू विधायक थे, बल्कि अपने क्षेत्र के सामाजिक मुद्दों से भी गहराई से जुड़े रहते थे। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों और जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. सोहल के निधन से आम आदमी पार्टी को एक बड़ा राजनीतिक नुकसान हुआ है। कई नेताओं और संगठनों ने भी उनके योगदान को याद करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।