सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान: महिला आयोग ने मंत्री विजय शाह को लगाई फटकार, 'बेटियों का अपमान'
कर्नल सोफिया कुरैशी पर मंत्री विजय शाह की टिप्पणी से भड़का महिला आयोग, कहा- 'ये देश की बेटियों का अपमान', सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला।

नई दिल्ली, गुरुवार, 15 मई 2025। मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को भी नाराज कर दिया है। आयोग ने इस बयान को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ और देश की सुरक्षा में जुटी बेटियों का अपमान बताया है।
दरअसल, मंत्री विजय शाह ने एक सार्वजनिक भाषण में कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर कुछ विवादित बातें कही थीं। इसके बाद से ही इस बयान की चौतरफा आलोचना हो रही है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है, जहां विजय शाह को कड़ी फटकार लगाई गई है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने भी इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया है।
'अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा हो'
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि यह दुखद है कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग महिलाओं के खिलाफ ऐसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि इससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचती है। उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी को एक 'साहसी और समर्पित अधिकारी' बताते हुए कहा कि देश उनके जैसे बहादुर महिलाओं के साथ खड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी देश की बेटी हैं और उन्होंने साहस और समर्पण के साथ देश की सेवा की है। ऐसी अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा होनी चाहिए।
मंत्री विजय शाह को बर्खास्त करने की मांग
कांग्रेस पार्टी ने मंत्री विजय शाह का एक वीडियो जारी किया था, जिसमें वह कथित तौर पर विवादित टिप्पणी करते हुए सुनाई दे रहे हैं। विपक्ष ने मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद विजय शाह ने कहा कि अगर उनकी बातों से समाज या धर्म को ठेस पहुंची है, तो वह माफी मांगने को तैयार हैं।
https://x.com/VijayaRahatkar/status/1922514451380765149?s=19
'महिलाओं के प्रति सम्मानजनक भाषा और व्यवहार हो'
विजया राहटकर ने कहा कि एक प्रगतिशील राष्ट्र बनने के लिए महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ना और नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक बातचीत में गरिमा बनाए रखने की अपील करते हुए सभी से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक भाषा और व्यवहार अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और योगदान को कम आंकना अस्वीकार्य है और यह देश के विकास में भी बाधा है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने सभी से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने का आग्रह किया है। आयोग का कहना है कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए।