UP : अखिलेश यादव सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ का करेंगे जलाभिषेक, 14 जुलाई को पहुंचेंगे काशी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव 14 जुलाई को सावन के पहले सोमवार को वाराणसी पहुंचेंगे और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। चंद्रवंशी गोप समिति ने उन्हें इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया है, जिसमें देशभर से 50 हजार यादव बंधु शामिल होंगे।

Lucknow News : समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस साल सावन के पहले सोमवार को वाराणसी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। चंद्रवंशी गोप समिति के प्रदेश अध्यक्ष लालजी चंद्रवंशी ने बताया कि समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की और उन्हें यादव बंधुओं की ओर से होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रम में आमंत्रित किया। अखिलेश यादव ने इस आमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और उन्होंने 14 जुलाई को जलाभिषेक में शामिल होने का वादा किया है।
50 हज़ार यादव बंधु पहुंचेंगे काशी
लालजी चंद्रवंशी ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को यादव बंधुओं के जलाभिषेक के लिए इस बार देशभर से 50 हज़ार यादव बंधु काशी पहुंच रहे हैं। अखिलेश यादव के इस कार्यक्रम में शामिल होने से इस आयोजन को और भी महत्व मिल गया है। चंद्रवंशी गोप समिति के प्रतिनिधिमंडल में मनोज यादव, आयुष्मान चंद्रवंशी, दुर्गा यादव, प्रभाकर यादव, रवि यादव कल्लू, श्यामू यादव और चंदन यादव जैसे प्रमुख सदस्य शामिल थे।
जलाभिषेक की परंपरा और यात्रा का स्वरूप
इस जलाभिषेक कार्यक्रम की एक विशेष परंपरा है। सबसे पहले यादव बंधु गौरी केदारेश्वर का जलाभिषेक करते हैं। उसके बाद वे तिलभांडेश्वर का दर्शन करते हैं। इसके बाद, दशाश्वमेध घाट से जल लेकर बाबा विश्वनाथ को अर्पित किया जाता है। बाबा विश्वनाथ के दरबार के बाद, मृत्युंजय महादेव और त्रिलोचन महादेव के दर्शन किए जाते हैं। अंत में, काल भैरव को जल अर्पित करने के बाद यह यात्रा पूरी होती है।
समिति के सदस्यों ने अखिलेश यादव के साथ मिलकर विश्व कल्याण के लिए बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने की तैयारी शुरू कर दी है। अखिलेश यादव का यह दौरा धार्मिक और राजनीतिक दोनों ही दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।