भारत-पाकिस्तान टेंशन के बीच उत्तराखंड में भी अलर्ट, चीन और नेपाल सीमा पर पुलिस के साथ SSB ने बढ़ाई चौकसी

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच उत्तराखंड में भी अलर्ट, चीन और नेपाल सीमा पर पुलिस के साथ SSB ने बढ़ाई चौकसी। सीमांत जिलों में हाई अलर्ट घोषित। जानें पूरी खबर।

भारत-पाकिस्तान टेंशन के बीच उत्तराखंड में भी अलर्ट, चीन और नेपाल सीमा पर पुलिस के साथ SSB ने बढ़ाई चौकसी

                                                                          उत्तराखंड चीन नेपाल बॉर्डर अलर्ट न्यूज

देहरादून: भारत और पाकिस्तान की सीमा पर जारी तनाव का असर अब उत्तराखंड में भी देखने को मिल रहा है। संभावित खतरे को भांपते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खासकर चीन और नेपाल से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमांत जिलों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद उत्तराखंड के सीमांत जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत कर दी गई है। राजधानी देहरादून में भी पुलिस अलर्ट मोड पर है और सत्यापन अभियान में तेजी लाई गई है। वहीं, सीमांत जिलों जैसे पिथौरागढ़ और धारचूला में भारत-नेपाल और भारत-चीन की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और उत्तराखंड पुलिस के जवान संयुक्त रूप से गश्त कर रहे हैं।

काली नदी किनारे संयुक्त गश्त, संदिग्धों पर नजर:

धारचूला, झूलाघाट, बलवाकोट, जौलजीबी और अस्कोट जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में काली नदी के किनारे SSB और पुलिस का संयुक्त अभियान चल रहा है। सीमा क्षेत्र में बाहर से आने वाले लोगों का गहन सत्यापन किया जा रहा है और उनकी हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सत्यापन अभियान के साथ-साथ पुलिस और SSB अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर भी पैनी नजर बनाए हुए हैं। पिथौरागढ़ में पुलिस और SSB संयुक्त रूप से स्थानीय लोगों से अपील कर रहे हैं कि यदि उन्हें क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो वे तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें।

अल्मोड़ा में मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाई:

अल्मोड़ा जिले में भी पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। सीओ अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी ने प्रसिद्ध गोल्ज्यू मंदिर और जागेश्वर धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने जागेश्वर मंदिर प्रबंध समिति से मंदिर परिसर में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द से जल्द बदलने के लिए कहा। इसके साथ ही, मंदिर की सुरक्षा में तैनात एस्कॉर्ट को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर से गहन चेकिंग करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

पिथौरागढ़ में आपातकालीन तैयारियों का जायजा:

'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध की स्थिति को देखते हुए पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आज जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़, नर्सिंग कॉलेज और नैनी-सैनी हवाई अड्डे पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय में विभिन्न रिजर्व वार्डों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता, ब्लड बैंक, ऑक्सीजन सप्लाई, आपातकालीन कक्ष सहित विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति और पार्किंग व्यवस्था का मौके पर जाकर जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में आवश्यक उपकरणों और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया और आपातकालीन स्थिति में अपना संपर्क लगातार बनाए रखने के निर्देश भी दिए। संभावित हालातों को देखते हुए नैनी-सैनी हवाई अड्डे पर स्थापित नियंत्रण कक्ष, चिकित्सा सुविधाओं, आपदा प्रबंधन टीमों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का भी मूल्यांकन किया गया।

जिलाधिकारी ने हवाई अड्डे के कर्मचारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ त्वरित प्रक्रिया करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह जरूरी है कि हम हर प्रकार की आपात स्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार रहें। इसके साथ ही उन्होंने हवाई अड्डे के अधिकारियों को नियमित रूप से मॉक ड्रिल करने के भी निर्देश दिए।

सीमा क्षेत्र में स्थिति सामान्य, निगरानी जारी:

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि सीमा सुरक्षा के लिए SSB के साथ-साथ पुलिस भी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। बाहरी लोगों का सत्यापन किया जा रहा है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीमा क्षेत्र में हालात सामान्य हैं, लेकिन हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।