प्रेस विज्ञप्ति: पूर्व मध्य रेल संरक्षा और यात्री सुविधाओं पर केंद्रित, महाप्रबंधक ने की उच्चस्तरीय बैठक
"पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने संरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। विकास कार्यों की समीक्षा।"

हाजीपुर-06.05.2025: पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने आज, 06 मई 2025 को मुख्यालय हाजीपुर में विभागाध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना, रेल परिचालन में संरक्षा सुनिश्चित करना और पूर्व मध्य रेल पर चल रही आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना था।
बैठक के दौरान, पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने महाप्रबंधक को अपनी उपलब्धियों और वर्तमान में जारी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने यात्री सुविधा, सुरक्षा और संरक्षा के क्षेत्र में पूर्व मध्य रेल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की गहन समीक्षा की।
उन्होंने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि रेल परिचालन में संरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। महाप्रबंधक ने जोर देकर कहा कि संरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
इसके अतिरिक्त, महाप्रबंधक ने निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करने और उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नई योजनाओं के कार्यान्वयन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी विशेष बल दिया, ताकि कार्यों को कुशलतापूर्वक और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
इस उच्चस्तरीय बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों से पूर्व मध्य रेल में संरक्षा, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना विकास कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
(सरस्वती चन्द्र) मुख्य जनसंपर्क अधिकारी