Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के बीजापुर में मुठभेड़: 40 लाख का इनामी नक्सली सुधाकर ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹40 लाख का इनामी नक्सली सुधाकर मारा गया। यह सफलता डीआरजी और एसटीएफ के संयुक्त अभियान में मिली।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर नेशनल पार्क में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान में सेंट्रल कमेटी मेंबर और 40 लाख का इनामी नक्सली सुधाकर मारा गया। गुरुवार (5 जून, 2025) को पुलिस अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी।
सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अधिकारियों ने बताया कि नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों के बड़े कैडर की उपस्थिति की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों के एक संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था।
सुबह जब सुरक्षाबल के जवान क्षेत्र में थे, तभी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है। यह मुठभेड़ क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।