नालंदा: दुल्हन को देखते ही कांपने लगा दूल्हा, ब्यूटी भी नहीं आई काम, पूरी शादी 'भंडोल'
नालंदा में अनोखी शादी! सुंदर दुल्हन को देखते ही कांपने लगा दूल्हा, दुल्हन ने किया इनकार। दूल्हे की इस हरकत के पीछे की चौंकाने वाली वजह जानकर रह जाएंगे हैरान। पढ़ें पूरी खबर।

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र में 7 मई को एक अनोखी शादी देखने को मिली, जो जयमाला की रस्म शुरू होते ही टूट गई। धूमधाम से बारात आई, लड़की पक्ष ने बेहतरीन स्वागत किया, लेकिन दूल्हे की एक हरकत ने सब कुछ पलट दिया और बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
सुंदर दुल्हन को देखते ही कांपने लगे दूल्हे के हाथ:
दरअसल, शादी की रस्में हंसी-खुशी चल रही थीं। जब स्टेज पर जयमाला का समय आया, तो दूल्हे ने कुछ ऐसा किया कि दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। वह तुरंत स्टेज से उतरकर अपने कमरे में चली गई और लाख मनाने के बावजूद वापस नहीं आई। आखिरकार, नूरसराय थाना क्षेत्र से आई बारात को बिना दुल्हन के ही मायूस होकर लौटना पड़ा।
दुल्हन ने डाली ही नहीं वरमाला:
बताया जा रहा है कि बारात बुधवार को दुल्हन के घर पहुंची थी। जयमाला के कार्यक्रम के लिए दूल्हा मंच पर अपनी दुल्हन का इंतजार कर रहा था। तभी दुल्हन अपनी सहेली के साथ सजी-धजी जयमाला लेकर आई। लेकिन, जैसे ही दूल्हे की नजर दुल्हन पर पड़ी, उसके हाथ और पैर बुरी तरह से कांपने लगे। दूल्हे की यह हालत देखकर दुल्हन को शक हुआ और उसने तुरंत शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की के इनकार करते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई और कई बाराती तो मौके से खिसक भी गए।
सुबह से गांजा नहीं मिला था दूल्हे को - पिता का खुलासा:
मामले की जानकारी मिलते ही दूल्हे को पकड़कर सिलाव थाना लाया गया। पुलिस की पूछताछ के दौरान दूल्हे के पिता ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनका लड़का गांजे का आदी है और सुबह से गांजा न मिलने के कारण ही उसके हाथ-पैर कांप रहे थे। यह सुनकर दुल्हन और उसके परिवार वालों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने तिलक में दिए गए सारे सामान की वापसी की मांग कर दी। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी सिलाव थानाध्यक्ष मो. इरफान खान को दी गई। दुल्हन को जब दूल्हे की गांजे की लत के बारे में पता चला, तो उसने किसी भी कीमत पर शादी करने से इनकार कर दिया।
लड़के वालों ने लौटाया सारा सामान:
जयमाला के दौरान दूल्हे के कांपते हाथों को देखकर दुल्हन को सच्चाई का अंदाजा हो गया था। पुलिस की पूछताछ में दूल्हे के पिता के कबूलनामे के बाद दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। आखिरकार, सिलाव पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन दुल्हन के इनकार के आगे किसी की नहीं चली और शादी टूट गई। मजबूरन, लड़के पक्ष ने दूल्हे को दिए गए सारे सामान लड़की पक्ष को वापस कर दिए और बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस चले गए। इस घटना ने इलाके में खूब चर्चा बटोरी है।