Operation Sindoor : 25 मिनट में 9 आतंकी ठिकाने ध्वस्त! ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू को दी जानकारी
"25 मिनट में 9 आतंकी ठिकाने तबाह! ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दी जानकारी। भारत का पाकिस्तान पर करारा प्रहार।"

नई दिल्ली: 'ऑपरेशन सिंदूर' के सफल समापन के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। पीएम मोदी ने अपने आवास पर कैबिनेट की बैठक के बाद राष्ट्रपति से मिलने का निर्णय लिया और राष्ट्रपति भवन पहुंचे। इस मुलाकात में, पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भारतीय सैन्य बलों द्वारा पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर किए गए सटीक हमलों की विस्तृत जानकारी दी।
https://x.com/rashtrapatibhvn/status/1920033083127947603?s=19
पीओके और पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकाने तबाह:
भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले का बदला लेते हुए, मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। सेना ने रात 1 बजकर 5 मिनट से 1 बजकर 30 मिनट के बीच, महज 25 मिनट में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। इन हमलों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे कुख्यात आतंकी संगठनों के गढ़ भी शामिल थे। भारतीय सेना के अनुसार, 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पीओके में 5 और पाकिस्तान में 4 आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक नष्ट किया गया।
भारत ने किया आत्मरक्षा के अधिकार का प्रयोग:
सरकार ने बुधवार को स्पष्ट किया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' को अंजाम देकर भारत ने पहलगाम जैसे सीमा पार आतंकी हमलों का जवाब देने, उन्हें रोकने और उन्हें विफल करने के अपने अधिकार का प्रयोग किया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जोर देकर कहा कि सरकार का ध्यान केवल आतंकी ढांचे को नष्ट करने और आतंकवादियों को निष्क्रिय करने पर केंद्रित था।
सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक:
पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने वाले सैन्य अभियान की जानकारी देने के लिए सरकार ने गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पंजाब प्रांत और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में बुधवार तड़के आतंकी ठिकानों पर भारत द्वारा किए गए मिसाइल हमलों को 'युद्ध की कार्रवाई' करार दिया और कहा कि उनके देश को 'करारा जवाब' देने का पूरा अधिकार है।
'ऑपरेशन सिंदूर' भारत के दृढ़ संकल्प और आतंकवाद के खिलाफ उसकी स्पष्ट नीति को दर्शाता है। यह ऑपरेशन न केवल पहलगाम के पीड़ितों को न्याय दिलाता है, बल्कि पाकिस्तान को भी यह स्पष्ट संदेश देता है कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।