UP News : प्रशासन पर हमला करने वाले दबंगों के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, पांच आरोपी गिरफ्तार
अमेठी के गोरीगंज में दबंगों के कब्जे पर बुलडोजर चला। दो दिन पहले यहीं पर प्रशासन की टीम पर हमला हुआ था। पांच अरोपि गिराफ्तार।

Amethi News : अमेठी के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर वार्ड नंबर 13 में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकमार्ग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई शुक्रवार को एसडीएम प्रीति तिवारी की मौजूदगी में की गई। गौरतलब है कि दो दिन पहले इसी स्थान पर अतिक्रमण हटाने पहुँची राजस्व टीम और एसडीएम पर दबंगों ने हमला कर दिया था, जिसमें नायब तहसीलदार और लेखपाल घायल हो गए थे।
हमले के बाद प्रशासन ने दिखाई सख्ती
बुधवार (19 जून, 2025) दोपहर को माधवपुर निवासी भोलानाथ सिंह की शिकायत पर प्रशासनिक टीम चकमार्ग से अवैध निर्माण हटाने पहुँची थी। तभी दबंगों ने महिलाओं और पुरुषों को इकट्ठा कर लाठी-डंडों और पथराव से हमला बोल दिया था, जिसके बाद टीम को जान बचाकर थाने में शरण लेनी पड़ी थी।
इस घटना के बाद लेखपालों की तहरीर पर 20 से अधिक लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहाया अवैध निर्माण
शुक्रवार को एसडीएम प्रीति तिवारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और राजस्वकर्मियों की मौजूदगी में बंजर भूमि पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी उदयभान सिंह ने बंजर भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण करा रखा था। उसके परिवार द्वारा अन्य कई सरकारी भूमियों पर भी कब्जा किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। प्रशासन ने अब इन सभी कब्जों की जांच कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
गुरुवार को इस पूरे मामले को लेकर कलेक्ट्रेट में एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व विभाग और पुलिस अधिकारियों की एक बैठक हुई थी, जिसके बाद शुक्रवार को यह सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई। प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।