गाजीपुर में दबंगों से परेशान शख्स मोबाइल टावर पर चढ़ा, 3 घंटे तक हंगामा; पुलिस के आश्वासन पर उतरा नीचे
गाजीपुर में दबंगों से परेशान एक शख्स मोबाइल टावर पर चढ़ गया और 3 घंटे तक कूदने की धमकी देता रहा। मछली चोरी का आरोप लगाने वाले इस शख्स ने पुलिस से कार्रवाई न होने पर यह कदम उठाया। पुलिस और अधिकारियों के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरा।

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में दबंगों से परेशान होकर एक शख्स मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब तीन घंटे तक लोगों को कूदने की धमकी देता रहा। इस दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। जब उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद ही शख्स नीचे उतर आया।
मछली चोरी का आरोप और पुलिस से निराशा
जानकारी के मुताबिक, मामला सुहवल थाना क्षेत्र के ढढनी भानमल राय का है। जहाँ बने एक पोखर में दरोगा बिंद नाम का शख्स मछली पालन करता है। दरोगा बिंद जमानिया के बसुहारी गाँव का रहने वाला है। शख्स ने आरोप लगाया है कि उसके तालाब से दबंगों ने मछली चुरा ली है। शख्स पुलिस के पास भी गया था, लेकिन पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे परेशान होकर शख्स शनिवार (14 जून, 2025) को चंडी माता मंदिर के समीप मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
दरोगा बिंद ने खुद ही लोगों को फोन कर इस बात की जानकारी दी कि वह टावर पर चढ़ गया है। उसी की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने उससे नीचे उतरने की काफी गुहार लगाई, लेकिन टावर पर चढ़े युवक ने न्याय न मिलने पर नीचे कूदने की धमकी दे दी। वह मौके पर पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ा रहा। जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। टावर पर युवक के चढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों के आश्वासन पर उतरा नीचे
जानकारी मिलने पर एसडीएम ज्योति चौरसिया, प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर पुलिस फोर्स और दमकल के साथ मौके पर पहुँच गए। युवक को टावर से नीचे उतरने को कहा गया, लेकिन शख्स ने टावर से उतरने से साफ इनकार कर दिया। शख्स ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने मांग रखी कि मछली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उसका जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाए। शख्स करीब तीन घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा और न्याय के आश्वासन के बाद ही नीचे उतरा।
'₹30,000 की मछली चोरी हुई थी'
पीड़ित दरोगा बिंद ने बताया कि यह पोखर 2016 से ही मछली पालन के लिए महजीवी सहकारी समिति चक्काबांध के नाम से आवंटित था, जिसकी रखवाली वह काफी दिनों से करता आ रहा है। दरोगा बिंद ने बताया कि एक दिन पहले ढढनी के ही एक व्यक्ति ने पोखर से करीब ₹30,000 की मछली निकाल ली थी। जब वह थाने पर शिकायत के लिए गया तो उसे न्याय नहीं मिला। इसी बात से दुखी होकर वह न्याय के लिए टावर पर चढ़ा था।
एसडीएम ज्योति चौरसिया ने बताया कि टावर पर चढ़ा युवक नीचे उतर गया है। टावर पर चढ़े युवक को थाने पर लाया गया, साथ ही आरोपी को भी थाने पर बुलाया गया और फिर दोनों लोगों की सहमति से मछली को आधा-आधा बांटने की सहमति बनी। यह घटना स्थानीय प्रशासन और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, लेकिन अंततः शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सका।