फरीदाबाद: ससुर ने चुनरी से गला घोंटकर बहू की हत्या की, फिर घर के सामने 10 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया
Faridabad mein dil दहला dene wali ghatna: Sasur ne bahu ka gala ghontkar hatya ki aur ghar ke samne 10 feet gehre gadhe mein dafnaya. Police ne aaropi ko kiya giraftar, jaanch jaari.

फरीदाबाद, हरियाणा: दिल्ली से सटे फरीदाबाद के सराय इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक ससुर ने अपनी बहू की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को घर के सामने ही 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने बेटे की शिकायत के बाद आरोपी ससुर भूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, सराय इलाके में रहने वाले भूप सिंह के बेटे अरुण की शादी 2023 में फिरोजाबाद की रहने वाली तनु से हुई थी। तनु अपने ससुराल वालों के साथ रह रही थी। अप्रैल 2025 में, अरुण ने पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई है। काफी तलाश के बाद भी जब तनु नहीं मिली, तो उसने शिकायत दर्ज कराई थी।
ससुर पर गहराया शक, कबूला जुर्म
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान सभी सबूत ससुर भूप सिंह की ओर इशारा कर रहे थे। परिजनों से भी पूछताछ की गई, जिससे पुलिस का शक और गहराता गया। आखिरकार, पुलिस ने भूप सिंह से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद वह टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने ही बहू की हत्या की है और शव को ठिकाने लगाने के लिए घर के सामने बने गड्ढे में दफना दिया है।
चुनरी से गला घोंटकर की हत्या
सराय इलाका एसीपी राजेश लोहान ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपी ससुर भूप सिंह ने बताया कि उसने ही 21-22 अप्रैल की रात बहू को चुनरी से गला घोंटकर मार डाला था। इसके बाद उसने घर के सामने पहले से खोदे गए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में अपनी बहू की लाश को दफन कर दिया था।
पुलिस पूरे मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या क्यों की गई है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस इस बारे में आरोपी से पूछताछ कर रही है, और यदि इस मामले में कोई अन्य आरोपी भी सामने आता है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।