Indore Murder: पत्नी सोनम रघुवंशी निकली पति की कातिल, 9 दिन में रची थी खौफनाक साजिश

इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी के 9 दिन बाद हनीमून पर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने ही प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर 3 कॉन्ट्रैक्ट किलर्स से यह खौफनाक साजिश रची थी। जानें हत्या वाले दिन की पूरी कहानी।

Indore Murder: पत्नी सोनम रघुवंशी निकली पति की कातिल, 9 दिन में रची थी खौफनाक साजिश
राजा रघुवंशी हत्याकांंड

मध्य प्रदेश के इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी का मर्डर केस इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। 11 मई को राजा और सोनम रघुवंशी की धूमधाम से शादी हुई थी, लेकिन किसी को क्या पता था कि महज कुछ ही दिनों बाद राजा की बेरहमी से हत्या कर दी जाएगी। इस चौंकाने वाली कहानी ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है।


हनीमून पर रची गई हत्या की साजिश

शादी के केवल 9 दिन बाद, 20 मई को सोनम और राजा हनीमून के लिए मेघालय चले गए। पुलिस जांच के अनुसार, यह पूरा हनीमून सोनम ने ही प्लान किया था। टिकट से लेकर होटल बुकिंग तक, सब कुछ सोनम के नाम पर हुआ था। पुलिस का मानना है कि यहीं से इस हत्या की साजिश की नींव डाली गई थी।


हत्या वाले दिन की पूरी कहानी (पुलिस जांच के अनुसार):

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाहा ने मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने तीन कॉन्ट्रैक्ट किलर (आनंद, आकाश और विशाल) को राजा की हत्या के लिए हायर किया था।

  • 22 मई: राजा और सोनम शिलांग के मावलखियाट गांव में शिपारा होम स्टे में ठहरे।
  • 23 मई, सुबह 5:30 बजे: राजा और सोनम ने शिप्रा होम स्टे से चेक आउट किया।
  • किलर्स का आगमन: इसी दौरान, तीनों कॉन्ट्रैक्ट किलर भी थोड़ी दूर रह रहे थे और उन्होंने भी उसी समय चेक आउट किया।
  • सुबह 6 बजे: सोनम और राजा ने चढ़ाई शुरू की। सोनम रास्ते में रुककर किलर्स के आने का इंतजार करने लगी।
  • सोनम की चाल: सोनम ने रास्ता पूछने के बहाने से किलर्स से बात की और राज की बात भी किलर्स से करवाई, जिससे उन्हें आगे के प्लान के लिए निर्देश मिल सकें।
  • सुबह 7 बजे: सोनम और राजा एक दुकान में रुके और चाय पी। किलर्स भी उस समय उनके आसपास ही थे, जिससे उनका पीछा जारी रहे।
  • सुबह 10 बजे: सोनम और राजा लगभग 2000 सीढ़ियां चढ़ चुके थे। इसी समय सोनम और राजा को एक टूरिस्ट गाइड ने उन तीनों लड़कों (किलर्स) के साथ देखा। पुलिस ने गाइड का बयान भी दर्ज किया है, जो इस मामले में अहम गवाह है।
  • दोपहर 12 बजे: चौंकाने वाली बात यह है कि इसी दौरान राजा की दोस्ती किलर्स से हो गई। इस मौके का फायदा उठाकर सोनम जानबूझकर पीछे चलने लगी और तीनों किलर व राजा आगे चल रहे थे।
  • दोपहर 12:30 बजे: सोनम ने अपनी सास को कॉल किया और उन्हें चढ़ाई के बारे में बताया। उसने यह भी बताया कि चढ़ाई के दौरान वह और राजा बहुत थक गए हैं, ताकि हत्या के बाद शक न हो।
  • दोपहर 2 बजे: लगभग दो बजे सोनम ने इशारा किया और पहला वार विशाल (किलर) ने किया।
  • दोपहर 2:15 बजे: हत्या के ठीक बाद, सोनम ने राजा के फोन से एक पोस्ट किया, जिसमें उसने इस जन्म में गहरे दुख का जिक्र किया। यह पोस्ट शायद खुद को निर्दोष दिखाने और घटना को आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जोड़ने की एक चाल थी। इसके बाद उसने राजा के फोन को खाई में फेंक दिया ताकि सबूत मिट जाएं।
  • दोपहर 2:30 बजे: हत्या के बाद राजा के शव को खाई में फेंक दिया गया।

इस पूरी कहानी से साफ होता है कि सोनम और राज कुशवाहा ने एक सुनियोजित और खौफनाक साजिश रची थी, लेकिन पुलिस की गहन जांच ने आखिरकार इस 'हनीमून मर्डर' का पर्दाफाश कर दिया।