दुमका में तलवार से महिला की सिर काटकर निर्मम हत्या, आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
झारखंड के दुमका में मामूली विवाद के बाद एक युवक ने सरेआम तलवार से महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया। आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है, मामला इलाके में सनसनी फैला चुका है।

झारखंड की उपराजधानी दुमका से एक खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार शाम नगर थाना क्षेत्र के केवटपाड़ा मोहल्ले में एक युवक ने तलवार से एक महिला की सरेआम गर्दन काटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान विमला देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
गंदे पानी के बहाव को लेकर लंबे समय से था विवाद
जानकारी के अनुसार, विमला देवी का परिवार आरोपी फूलचंद साह उर्फ छोटू के पड़ोसी थे। दोनों परिवारों के बीच मोहल्ले में बहते गंदे पानी को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ था, जो अचानक इतना बढ़ गया कि छोटू ने अपने घर से तलवार निकाल ली।
सरेआम काट दी गर्दन, पति पर भी हमला
जब विमला देवी और उनके पति मनोज सिंह, जो एक स्कूल शिक्षक हैं, बाजार से लौट रहे थे, तभी छोटू ने गंदा पानी उनके घर के सामने बहाया। जब दंपत्ति ने विरोध किया, तो गुस्से में छोटू ने अचानक तलवार से विमला देवी की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे सिर धड़ से अलग हो गया। उसके बाद उसने मनोज सिंह पर भी हमला किया। उन्हें गंभीर हालत में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस के सामने ही आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया। हत्या में प्रयुक्त तलवार को जब्त कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अफसर का बेटा, दिखाता था धौंस
स्थानीय लोगों का आरोप है कि छोटू के पिता झारखंड पुलिस में एएसआई हैं और इसी कारण वह खुद को ऊँचा समझते हुए अक्सर गाली-गलौज करता था। उसने कई बार धमकी भी दी थी कि “मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा”।
इलाके में दहशत और आक्रोश
इस नृशंस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में आतंक और आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों ने दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच में जुट गई है।
???? पुलिस ने क्या कहा?
“घटना अत्यंत गंभीर है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।”
— नगर थाना प्रभारी, दुमका