पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का निधन: गणगौर पूजा के दौरान लगी आग में झुलसीं, अहमदाबाद में ली अंतिम सांस
Kongress ki varishth neta aur former central minister Dr. Girija Vyas ka Ahmedabad me ilaj ke dauran nidhan ho gaya. GanGaur pooja ke dauran aag lagne se wo gambhir roop se jhulsi thi. Unka samajik aur rajneetik yogdan yaad rahega.

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का गुरुवार को अहमदाबाद में निधन हो गया। वे पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थीं, जहां उनका इलाज चल रहा था। बताया गया है कि गणगौर पूजा के दौरान उनकी चुन्नी में आग लग गई थी, जिससे वे करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई थीं। उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उन्होंने अहमदाबाद के जायडस अस्पताल में अंतिम सांस ली।
परिजनों ने जानकारी दी है कि उनका पार्थिव शरीर उदयपुर लाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है।
राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में बहुमूल्य योगदान
डॉ. गिरिजा व्यास एक मूल्यनिष्ठ और सक्रिय जनप्रतिनिधि थीं। वे न केवल एक प्रख्यात राजनीतिज्ञ थीं, बल्कि एक संवेदनशील शिक्षाविद, कवयित्री और समाजसेविका के रूप में भी जानी जाती थीं। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में महिला अधिकारों की रक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
वे कई बार लोकसभा सांसद चुनी गईं और केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारियां संभाल चुकी थीं। उनका योगदान शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। उनका जीवन सार्वजनिक सेवा की प्रेरणा रहा है, जिसे राजनीतिक हलकों के साथ आम जनता भी सदैव याद रखेगी।
राजनीतिक जगत में शोक की लहर
डॉ. व्यास के निधन पर राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा, और अन्य अनेक नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर लिखा:
“पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास का निधन हम सबके लिए एक अपूरणीय क्षति है। शिक्षा, राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका बड़ा योगदान रहा है। उनका असमय और इस तरह एक हादसे का शिकार होकर जाना हम सभी के लिए गहरा आघात है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा:
“गिरिजा जी का निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। कांग्रेस पार्टी और प्रदेश की प्रगति में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”
वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा:
“प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
संपन्न भारत की ओर से हम डॉ. गिरिजा व्यास को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान हो।