'दूल्हे के हाथ तो देखो…', जयमाल के दौरान अचानक भड़क उठी दुल्हन, शादी भी तोड़ी
दूल्हे के हाथ तो देखो…’, जयमाल के दौरान अचानक भड़क उठी दुल्हन, शादी भी तोड़ी

महाराजपुर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के महाराजपुर में एक अनोखा वाकया सामने आया, जहां जयमाल की रस्म के दौरान दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन ने दूल्हे को वरमाला पहनाने से ठीक पहले उसके हाथों को देखकर यह फैसला लिया। इस घटना से दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ, जिसके बाद पंचायत बुलाई गई और अंततः बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, महाराजपुर के एक गांव की युवती का विवाह शिवली क्षेत्र के एक युवक के साथ तय हुआ था। शुक्रवार शाम को बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची और द्वारचार की रस्में भी खुशी-खुशी संपन्न हुईं। इसके बाद वरमाला की रस्म शुरू हुई। दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर खड़े थे और दोनों के हाथों में वरमालाएं थीं। जैसे ही दूल्हा दुल्हन को वरमाला पहनाने के लिए आगे बढ़ा, दुल्हन की नजर उसके हाथों पर पड़ी। दूल्हे के हाथ बुरी तरह से कांप रहे थे।
यह देखकर दुल्हन ने तुरंत कहा, "रुको, तुम्हारे हाथ क्यों कांप रहे हैं?" दूल्हा इस सवाल पर चुप रहा। तभी दूल्हे के परिवार के लोगों ने सफाई देते हुए कहा कि वह घबरा गया है। लेकिन दुल्हन उनकी बात मानने को तैयार नहीं थी।
दुल्हन ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह इस लड़के से शादी नहीं करेगी। उसने आशंका जताई कि दूल्हे को या तो कोई गंभीर बीमारी है या फिर उसने शराब पी रखी है। दुल्हन के परिवार के सदस्यों ने भी इस बात का समर्थन करते हुए कहा कि द्वारचार के समय भी दूल्हे के हाथ कांप रहे थे और यह घबराहट का लक्षण नहीं लगता, बल्कि ऐसा लग रहा है कि उसने शराब पी हुई है।
दुल्हन के इस फैसले के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग आपस में बहस करने लगे। मामला इतना बढ़ गया कि गांव के बुजुर्गों को पंचायत बुलानी पड़ी। पंचायत में भी दोनों पक्षों के बीच घंटों तक गरमागरम बहस चलती रही।
शनिवार सुबह तक दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिशें जारी रहीं। कई प्रभावशाली लोगों ने भी मध्यस्थता करने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। आखिरकार, पंचायत ने दोनों पक्षों के बीच हुए लेनदेन और खर्च की अदला-बदली कराकर मामले को शांत कराया। इस घटना की पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा होती रही। दुल्हन के परिवार के लोगों ने दूल्हे के नशे में होने की बात पर जोर दिया।