आखिरी बार खेलते दिखेंगे एमएस धोनी? 25 मई को खत्म हो सकता है IPL करियर

आखिरी बार खेलते दिखेंगे एमएस धोनी? 25 मई को खत्म हो सकता है IPL करियर।

आखिरी बार खेलते दिखेंगे एमएस धोनी? 25 मई को खत्म हो सकता है IPL करियर

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलना जारी रखा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर होने के बाद से ही उनके IPL से विदाई लेने की अटकलें लगाई जाती रही हैं, लेकिन हर बार उन्होंने इन अटकलों को टाल दिया। 2023 और 2024 के सीजन में भी फैंस को लगा कि यह उनका आखिरी आईपीएल होगा, लेकिन धोनी ने खेलना जारी रखा। हालांकि, ऐसा लग रहा है कि IPL 2025 के साथ ही उनका यह शानदार करियर समाप्त हो सकता है। 25 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का इस सीजन का आखिरी मैच खेला जाएगा और यह मैच धोनी के IPL करियर का आखिरी मुकाबला साबित हो सकता है।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने फैंस से 25 मई को गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाले मैच को एक त्योहार की तरह मनाने का आग्रह किया है। उनके अनुसार, एमएस धोनी के कप्तान और खिलाड़ी के रूप में यह आखिरी बार मैदान पर उतरने की संभावना है। कैफ ने कहा, "फैंस को CSK और GT के बीच मैच को त्योहार की तरह मनाना चाहिए, क्योंकि यह धोनी का आखिरी मैच हो सकता है। वह कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर अंतिम बार मैदान में उतरेंगे। उन्हें प्यार दें और स्टेडियम को पीले रंग से रंग दें।"

कैफ ने आगे कहा, "वह आखिरी मैच जीतना चाहते हैं। CSK धोनी है और धोनी CSK है। 8 महीने तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद 3 महीने तक खेलना मुश्किल है। धोनी ने इस साल इसे समझ लिया है।" हालांकि, एमएस धोनी ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। उन्होंने सीजन की शुरुआत में कुछ इंटरव्यू में कहा था कि वह देखेंगे कि अगले साल तक उनका शरीर कैसा रहता है, तभी वह फैसला करेंगे कि वह खेलेंगे या नहीं। लेकिन कुछ घटनाएं उनके संन्यास की ओर इशारा करती हैं।

क्यों धोनी के संन्यास की संभावना?

एमएस धोनी IPL 2025 में बल्ले से उस तरह का योगदान नहीं दे पाए हैं जिसके लिए वह जाने जाते हैं। अंतिम ओवरों में आकर मैच फिनिश करने वाले धोनी अपनी पुरानी लय में नहीं दिखे हैं। हालांकि, उन्होंने कुछ अच्छी पारियां खेलीं, लेकिन कई मौकों पर वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इसके अलावा, उनकी फिटनेस भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। उन्हें विकेटकीपिंग करते समय दिक्कतों का सामना करते हुए देखा गया है और विकेट के पीछे उन्होंने कुछ गलतियाँ भी की हैं। वह मुश्किल से ही डबल रन लेते हैं और ज्यादातर चौकों और छक्कों पर ही निर्भर रहते हैं।

धोनी के संन्यास की ओर एक और इशारा तब मिला जब उनके माता-पिता, जो अपने पूरे करियर में कभी उनका मैच देखने स्टेडियम नहीं आए थे, IPL 2025 में चेन्नई के स्टेडियम में उनका एक मैच लाइव देखने पहुंचे थे। यह घटना भी उनके संन्यास लेने और IPL करियर खत्म करने की ओर संकेत करती है।

हालांकि, एमएस धोनी अभी भी अपने भविष्य के बारे में चुप हैं और फिलहाल अगले सीजन के लिए नई टीम बनाने पर ध्यान दे रहे हैं। लेकिन 25 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाला मुकाबला उनके शानदार IPL करियर का अंतिम अध्याय हो सकता है।