हमीरपुर: विदाई के 24 घंटे में साली के साथ फरार हुआ दूल्हा! ससुराल में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में शादी के 24 घंटे के भीतर दुल्हन अपने जीजा के साथ फरार। दूल्हे के परिवार ने गहने और पैसे लेकर भागने का आरोप लगाया, दुल्हन ने दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप लगाया।

हमीरपुर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता अपनी विदाई के महज 24 घंटे के भीतर ही अपने जीजा के साथ फरार हो गई। इस घटना से दुल्हन के ससुराल में हड़कंप मच गया है। दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन पर घर से पैसे और जेवरात लेकर भागने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रही है।
बिवांर थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की शादी 17 मई को जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। 18 मई को दुल्हन को विदा कराकर ससुराल लाया गया। बारात आने के बाद दिनभर हाथा लगाने की रस्में और पूजा-पाठ संपन्न हुई। 19 मई को भी कुछ रस्में निभाई गईं और उसी रात दुल्हन ने अपने जीजा को फोन कर घर बुला लिया। मौका मिलते ही वह उसके साथ फरार हो गई।
बताया जा रहा है कि 19 मई की रात जब दूल्हा अपनी दुल्हन के लिए पान लेकर कमरे में गया, तो उसने देखा कि दुल्हन गायब है। पूछताछ करने पर पता चला कि दुल्हन का जीजा दो अज्ञात साथियों के साथ कार से आया था और मौका पाकर वह दुल्हन को अपने साथ ले गया।
दुल्हन को जीजा के साथ जाते देख दूल्हे के घर में हंगामा मच गया। शादी में आए रिश्तेदारों ने कार का पीछा भी किया, लेकिन वे उन्हें पकड़ नहीं सके। इसके बाद, दूल्हे के परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। दूल्हे के पिता ने बिवांर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि दुल्हन पांच लाख रुपये के गहने पहने हुई थी और वह अपने जीजा के साथ घर से चली गई है।
हालांकि, इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने दुल्हन को बरामद कर पूछताछ की। दुल्हन ने अपने ससुरालियों पर कम दहेज लाने के लिए ताने देने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया। दुल्हन के आरोपों के बाद पुलिस ने उसे उसकी बड़ी बहन के सुपुर्द कर दिया है।
थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडेय के अनुसार, आरोपी जीजा से फोन पर बात की गई है और उसे थाने में हाजिर होने के लिए कहा गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को साथ बैठाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।