अहमदाबाद प्लेन क्रैश: 'अम्मी, अगली बार आपको लंदन लेकर जाऊंगा' - जावेद की आखिरी बात, परिवार के 4 सदस्यों की मौत
अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में मुंबई के जावेद, उनकी पत्नी और दो बच्चों सहित पूरे परिवार की मौत हो गई। जावेद अपनी बीमार मां का इलाज कराने के बाद लंदन लौट रहे थे।

गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने कई परिवारों को हमेशा के लिए तोड़ दिया है। लंदन जा रही फ्लाइट AI 171 के क्रैश होने से उसमें सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई। इस भीषण त्रासदी में मुंबई के रहने वाले जावेद और उनका पूरा परिवार, जिसमें उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे शामिल थे, भी काल के गाल में समा गए।
मां के दिल का इलाज कराने से पहले दे गए गहरा दर्द
जावेद ने लंदन जाने से पहले अपनी मां से आखिरी बात कही थी, "अम्मी अगली बार जब मैं आऊंगा तब आपका इलाज अच्छे से कराऊंगा और मुमकिन हुआ तो आपको भी लंदन लेकर जाऊंगा।" लेकिन जावेद को ये नहीं पता था कि मां के दिल का इलाज कराने से पहले वह अपनी मां के दिल को इतना बड़ा दर्द दे जाएंगे।
जावेद मुंबई के रहने वाले थे और लंदन में होटल मैनेजमेंट का काम करते थे। उन्होंने लंदन की रहने वाली मरियम से शादी की थी और उनके दो बच्चे थे। जावेद की मां मुंबई में रहती हैं और उनकी तबीयत खराब रहती है। हाल ही में उनकी तबीयत ज़्यादा बिगड़ गई थी। जब जावेद को इस बारे में पता चला तो वह अपने परिवार के साथ अपनी मां को देखने के लिए मुंबई आए थे। डॉक्टरों ने बताया था कि उनके इलाज में वक्त लगेगा, जिसके बाद जावेद ने फैसला किया कि वह फिलहाल लंदन वापस जाएंगे और लंबी छुट्टी में वापस आकर मां का इलाज कराएंगे।
शवों की पहचान के लिए 72 घंटे का समय और DNA सैंपल
जावेद के मामा अयूब शेख, जो अहमदाबाद अपने भांजे और उसके परिवार के शव लेने के लिए पहुंचे हैं, ने बताया कि गुरुवार को जैसे ही उन्हें फ्लाइट क्रैश होने का पता चला, वह फौरन अहमदाबाद आ गए। उन्होंने प्रशासन से गुजारिश की है कि उन्हें शव देखने दिए जाएं ताकि वह अपने परिजनों को पहचान सकें। हालांकि, प्रशासन की ओर से उनका डीएनए सैम्पल मांगा गया है।
अयूब शेख ने बताया कि प्रशासन ने 72 घंटे का समय मांगा है। जावेद के बड़े भाई का डीएनए सैम्पल ले लिया गया है। डीएनए सैम्पल मैच होने के बाद ही परिवार को पार्थिव शरीर सौंपा जाएगा। इस दर्दनाक घटना ने जावेद की मां और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।