केरल में 'लुटेरी दुल्हन': शादी से पहले नहाने से किया इनकार, खुला राज - कर चुकी थी 12 से ज़्यादा शादियां; गिरफ्तार

केरल में शादी से ठीक पहले 'नहानम' रस्म से इनकार करने पर एक दुल्हन की पोल खुल गई। जांच में पता चला कि रेश्मा नाम की इस महिला ने मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए एक दशक में 12 से ज़्यादा शादियां की थीं और हर बार कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

केरल में 'लुटेरी दुल्हन': शादी से पहले नहाने से किया इनकार, खुला राज - कर चुकी थी 12 से ज़्यादा शादियां; गिरफ्तार
प्रतीकात्मक तस्वीर.

केरल के तिरुवनंतपुरम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने मैट्रिमोनियल साइट पर शादी के लिए एक लड़की, रेश्मा, को पसंद किया। दोनों ने पहले फोन पर बात की और लड़की ने भी शादी के लिए हां कर दी। शादी की तारीख आई और दूल्हा अपनी शादी को लेकर बहुत उत्साहित था, लेकिन फेरों से ठीक पहले जो हुआ, उससे अब वह ताउम्र शादी के नाम से भी डरेगा।


'नहानम' रस्म से इनकार ने खोली पोल

दरअसल, शादी होने ही वाली थी कि फेरों से पहले स्नान की रस्म (नहानम) के लिए लड़की को लाया गया। केरल में शादी से पहले नहाने की रस्म को ‘नहानम’ या स्नान समारोह के रूप में जाना जाता है। यह हिंदू विवाह परंपराओं का हिस्सा है और दुल्हन व दूल्हे दोनों के लिए महत्वपूर्ण है, जो शादी से पहले शुद्धिकरण का प्रतीक है। लेकिन लड़की रेश्मा ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया।

दूल्हे के भाई को शक हुआ, तो उसने रेश्मा के सामान की तलाशी ली। बैग में से पिछली शादियों के दस्तावेज मिले, जिससे खुलासा हुआ कि वह करीब 12 से ज़्यादा शादियां पहले ही कर चुकी है।


कीमती सामान लेकर हो जाती थी फरार

मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रेश्मा एर्नाकुलम के उदयमपेरूर की रहने वाली है और एक दशक में 12 से ज़्यादा शादियां कर चुकी है। हर बार वह शादी के बाद गहने व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी। उसकी जितनी भी पिछली शादियां हुईं, वे भी मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए ही हुई थीं। वह फिल्मी कहानियां सुनाकर पुरुषों को शादी के लिए राजी करती और शादी के बाद सोने के गहने और पैसे लेकर चंपत हो जाती थी। पुलिस जांच में पता चला कि रेश्मा का दो साल का एक बच्चा भी है।


अगले महीने के लिए ढूंढ रखा था दूल्हा, पुलिस जांच में जुटी

जानकारी के मुताबिक, शादी के आयोजन और भोज की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, तभी रेश्मा ने कहा, "मैं नहानम की रस्म नहीं करूंगी। मुझे बस ब्यूटी पार्लर जाना है।" दुल्हन की बातें सुनकर दूल्हे के भाई को शक हुआ। उसने दुल्हन के हाथ से बैग छीना और उसी बैग में से रेश्मा की पिछली शादियों के दस्तावेज मिले। तुरंत पुलिस को बुलाया गया।

रेश्मा ने कबूल किया कि उसने 45 दिन पहले एक अन्य पुरुष से शादी की थी। यही नहीं, अगले महीने तिरुवनंतपुरम के एक व्यक्ति से शादी की योजना भी बना रखी थी।

रेश्मा ने दावा किया कि वह पैसे के लिए नहीं, बल्कि सच्चा प्यार पाने के लिए शादियां कर रही थी। हालांकि, पुलिस को शक है कि रेश्मा की शादियों की सूची और भी लंबी हो सकती है, लेकिन लोग शर्मिंदगी के डर से सामने नहीं आ रहे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि 2014 में रेश्मा एक डिग्री छात्रा के रूप में एर्नाकुलम के एक व्यक्ति के साथ भाग गई थी। 2017 तक साथ रहने के बाद वह अलग हो गई और 2022 तक चार शादियां कीं। 2023 में उसका एक बच्चा हुआ। 2025 में उसने 10 दिन के अंतराल में दो शादियां कीं। यह मामला नहाने से बचने की छोटी सी बात से उजागर हुआ, जिसने रेश्मा के बड़े फ्रॉड को सबके सामने ला दिया।