मुजफ्फरपुर में जबरन बाल विवाह: गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा नाबालिग, गांव वालों ने पीटा और करवा दी शादी; 6 पर FIR
बिहार के मुजफ्फरपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने गए एक नाबालिग लड़के को गांव वालों ने पीटकर जबरन उसकी शादी करवा दी। लड़के के पिता ने अपहरण और बाल विवाह का आरोप लगाते हुए 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने किशोर-किशोरी को कस्टडी में लेकर काउंसलिंग शुरू की है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां रात के समय अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे एक नाबालिग लड़के को ऐसा करना भारी पड़ गया। जब वह गर्लफ्रेंड के साथ रोमांस कर रहा था, तो कुछ गांव वालों ने उसे देख लिया। पहले तो लड़के को बेरहमी से पीटा गया, और फिर लड़की से उसकी जबरन शादी करवा दी गई।
लड़के के पिता को जब इस घटना की भनक लगी, तो वह सीधा थाने पहुंचे और 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
नाबालिग लड़के का अपहरण और जबरन बाल विवाह का आरोप
लड़के के पिता ने आरोपियों पर अपहरण कर जबरन बाल विवाह कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने किशोर और किशोरी को कस्टडी में ले लिया है और दोनों की काउंसलिंग की जा रही है। इस जबरन शादी को करवाने वाले सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं, और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। आरोपितों में लड़की के पिता का नाम भी शामिल है।
मामला बरियारपुर थाना इलाके के एक गांव का है। जानकारी के मुताबिक, बरियापुर के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी का वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के एक लड़के के साथ अफेयर चल रहा था। परिवार वालों के मुताबिक, लड़के की उम्र भी शादी के लायक नहीं है। दोनों को गांव में देर रात संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। दोनों को लड़की के परिजनों ने पकड़ा, और इसके बाद मौके पर जुटे लोगों ने लड़के की पिटाई कर दी और दोनों को पकड़कर शादी करवा दी।
लड़की पक्ष के लोग फरार, पुलिस कर रही जांच
इधर, लड़के के पिता को इस मामले की जानकारी मिली तो वह सीधे थाना पहुंच गए। उन्होंने बेटे को अगवा कर जबरन शादी कराने की शिकायत दी। पुलिस जब जांच करने पहुंची तो लड़की पक्ष के लोग फरार हो गए। उन पर बाल विवाह का भी आरोप है।
पुलिस ने दोनों (लड़का-लड़की) को अपनी कस्टडी में ले लिया और थाने ले आई। इधर, लड़के के पिता के आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, जिसमें 6 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कहा कि लड़का-लड़की दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनकी काउंसलिंग की जा रही है।