Bhadohi News : फसल चरने की शिकायत पर दलित परिवार को पीटा, पसली टूटी, महिला को घसीटा; छह पर FIR

यूपी: दलित परिवार को पीटा, तोड़ दी पसली की हड्डी, महिला के बाल पकड़कर घसीटा; छह लोगों के खिलाफ FIR।

Bhadohi News : फसल चरने की शिकायत पर दलित परिवार को पीटा, पसली टूटी, महिला को घसीटा; छह पर FIR

Bhadohi News : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के ऊंज थाना क्षेत्र के एक गांव में दबंगों द्वारा एक दलित परिवार पर बेरहमी से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फसल चरने की शिकायत करने पर छह लोगों ने मिलकर दलित किसान और उसके परिवार को लोहे की रॉड से पीटा, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पीड़ित दीपक कुमार पासी, जो एक भूमिहीन दलित किसान हैं और दूसरे के खेत को अधिया पर लेकर उड़द की फसल उगा रहे थे, ने बताया कि गांव के ही राजाराम यादव के मवेशी उनके खेत में घुसकर फसल चरने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो राजाराम यादव गुस्सा हो गया और उन्हें जातिसूचक गालियां देने लगा।

दीपक का आरोप है कि राजाराम यादव ने दिलाजीत यादव, अरविंद यादव, राजेंद्र यादव, पार्वती देवी और तारा देवी के साथ मिलकर दीपक और उसके परिवार पर हमला कर दिया। दबंगों ने लोहे की छड़ों से उनकी पिटाई की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी सुमित्रा को बालों से पकड़कर खेत में घसीटा गया, उसकी पिटाई की गई और कपड़े तक फाड़ दिए गए।

इस मारपीट में दीपक और सुमित्रा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि हमले में एक सदस्य की पसली की हड्डी भी टूट गई है, जबकि परिवार के अन्य चार सदस्यों को भी मामूली चोटें आई हैं।

पीड़ित दीपक कुमार पासी की तहरीर पर ऊंज थाने में राजाराम यादव समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट और एससीएसटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष रमाकांत यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।