विराट कोहली के बाद अब गौतम गंभीर की बारी: क्या खत्म होगा टीम इंडिया का 18 साल का 'इंग्लैंड टेस्ट' इंतज़ार?

IPL 2025 में RCB की 18 साल की खिताबी जीत के बाद, अब सभी की निगाहें टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पर हैं। क्या गंभीर, नए कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर, 18 साल से इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज न जीतने के सूखे को खत्म कर पाएंगे, खासकर तब जब टीम में कई दिग्गज खिलाड़ी नहीं हैं?

विराट कोहली के बाद अब गौतम गंभीर की बारी: क्या खत्म होगा टीम इंडिया का 18 साल का 'इंग्लैंड टेस्ट' इंतज़ार?

पिछले कुछ दिनों से भारतीय क्रिकेट में सिर्फ एक ही नंबर छाया हुआ है, और वो है 18। इसकी वजह हैं विराट कोहली, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और आईपीएल 2025 सीजन। टीम इंडिया में 18 नंबर की जर्सी को हमेशा के लिए अमर करने वाले विराट कोहली और उनकी फ्रेंचाइजी RCB का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। IPL के 18वें सीजन में कोहली और बेंगलुरु ने पहली बार खिताब जीत लिया। इस यादगार सफलता के बाद अब सभी की नजरें टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पर टिक गई हैं। सवाल यह है कि क्या वह 18 साल से चल रहे भारतीय टेस्ट क्रिकेट के दूसरे बड़े इंतजार को खत्म कर सकेंगे?


18 साल से जारी टीम इंडिया का टेस्ट इंतजार

9 मार्च को टीम इंडिया के चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने के बाद से ही हेड कोच गौतम गंभीर ब्रेक पर थे। गंभीर के छोटे से कोचिंग कार्यकाल में ही टीम इंडिया ने यह यादगार सफलता देख ली है। मगर अभी भी टेस्ट क्रिकेट के मोर्चे पर टीम इंडिया को बड़ी नाकामियां ही मिली हैं। ऐसे में इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के प्रदर्शन में सुधार करना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती है। इस चुनौती का पहला पड़ाव ही इंग्लैंड का दौरा है, जो भारतीय टीम के लिए सबसे मुश्किल साबित हुआ है।

गंभीर और नए कप्तान शुभमन गिल के सामने इस पड़ाव को पार करना ही सबसे बड़ी चुनौती है। यह ऐसी चुनौती है, जिसके सामने टीम इंडिया पिछले 18 साल में हर बार नाकाम रही है। जहां टीम इंडिया ने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया में दो बार टेस्ट सीरीज जीती, वहीं इंग्लैंड से वो खाली हाथ ही लौटी है। भारतीय टीम ने आखिरी बार 2007 में इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीती थी। गंभीर उस सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन इसके बाद सिर्फ नाकामी ही मिली।


2007 के बाद ऐसा रहा रिकॉर्ड

  • 2011: इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से रौंदा था।
  • 2014: टीम इंडिया के हाथों 1-3 से शिकस्त ही आई थी।
  • 2018: जब लग रहा था कि इस बार सफलता मिलेगी, तब भी इंग्लैंड ने 4-1 से सीरीज जीती थी।
  • 2021-22: टीम इंडिया इतिहास रचने के सबसे करीब थी और सीरीज में 2-1 से आगे थी। मगर तब कोरोना संक्रमण के कारण आखिरी टेस्ट रद्द करना पड़ा था। यह टेस्ट 2022 में खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली थी।

क्या गंभीर-गिल कर पाएंगे RCB जैसा कमाल?

अब एक बार फिर भारतीय टीम इंग्लैंड की जमीन पर उतर रही है। नजरें इस पर ही हैं कि क्या वह 18 साल से चले आ रहे टेस्ट सीरीज जीत के इंतजार को खत्म कर पाएगी या नहीं? हालांकि इस बार उससे उम्मीदें पहले से काफी कम हैं क्योंकि टीम में विराट कोहली, रोहित शर्मा, मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज खिलाड़ी नहीं हैं। टीम में एक नया कप्तान है और कुछ नए तथा कई कम अनुभवी खिलाड़ी हैं। ऐसे में उम्मीदें कम हैं, लेकिन उम्मीदें तो IPL 2025 सीजन शुरू होने से पहले RCB से भी ज्यादातर लोगों को नहीं थीं। मगर 18 के संयोग ने इस बार उसे बदल दिया। क्या गौतम गंभीर और शुभमन गिल भी ऐसा कुछ कर पाएंगे और टीम इंडिया के इस लंबे इंतजार को खत्म कर पाएंगे? यह देखना दिलचस्प होगा।