यूक्रेन के रूस पर बड़े हमले से डरा उत्तर कोरिया, सैन्य विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

यूक्रेन द्वारा रूस के भीतर गहरे तक किए गए ड्रोन हमलों के बाद उत्तर कोरिया के सैन्य विशेषज्ञों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अब उनका देश भी सुरक्षित नहीं है।

यूक्रेन के रूस पर बड़े हमले से डरा उत्तर कोरिया, सैन्य विशेषज्ञों ने दी चेतावनी
किम जोंग उन और यूक्रेन के राष्ट्रपति

रूस पर यूक्रेन के सबसे बड़े स्ट्राइक का डर अब उत्तर कोरिया को भी सताने लगा है। उत्तर कोरिया के सैन्य विशेषज्ञों ने इसको लेकर सरकार को चेतावनी दी है। इस चेतावनी में कहा गया है कि जिस तरीके से यूक्रेन ने रूस के घर में 4500 किमी तक अंदर घुसकर स्ट्राइक किया है, उससे अब नॉर्थ कोरिया भी सुरक्षित नहीं है।

यह डर तब और बढ़ गया है, जब यूक्रेन से नॉर्थ कोरिया की दूरी 7100 किमी से ज्यादा है। यूक्रेन और नॉर्थ कोरिया की सीमा भी यूक्रेन से लगी नहीं है।

यूक्रेन से क्यों दहशत में है नॉर्थ कोरिया?

रूस-यूक्रेन जंग में वैसे तो रूस के समर्थन में कई देश हैं, लेकिन नॉर्थ कोरिया ने खुलकर रूस का साथ दिया है। खबरों के अनुसार, नॉर्थ कोरिया के करीब 10 हजार से ज्यादा सैनिक यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में लड़ रहे हैं। इसके अलावा, नॉर्थ कोरिया ने रूस को टैंक समेत कई हथियार भी मुहैया कराए हैं।

हाल ही में रूस ने दावा किया था कि उसने अपने कुर्स्क क्षेत्र को वापस पा लिया है। कुछ रिपोर्ट्स में नॉर्थ कोरियाई सैनिकों की इस क्षेत्र को वापस दिलाने में अहम भूमिका बताई गई है।

स्ट्राइक का तरीका बहुत ही खतरनाक है:

सीएनएन ने यूक्रेन के अधिकारियों के हवाले से एक रिपोर्ट प्रकाशित की है। इसके मुताबिक, डेढ़ साल से रूस को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई जा रही थी। इसके लिए सबसे पहले सेब के बक्से में ड्रोन को सेट किया गया। उन बक्सों को कथित तौर पर तस्करों के जरिए पहले रूस के एयरबेस तक पहुंचाया गया। उसके बाद बक्से खोलकर ड्रोन उड़ा दिए गए। रिपोर्ट के अनुसार, स्ट्राइक के लिए यूक्रेन ने 117 ड्रोन का इस्तेमाल किया था, जिससे रूस के कई सैन्य विमान क्षतिग्रस्त हो गए।

उत्तर कोरिया को इसलिए सता रहा डर:

एक तरफ उत्तर कोरिया की दुश्मनी अमेरिका और साउथ कोरिया जैसे देशों से है, तो वहीं दूसरी तरफ यूक्रेन अब सीधे तौर पर नॉर्थ कोरिया के खिलाफ भी खड़ा दिख रहा है, क्योंकि नॉर्थ कोरिया रूस का समर्थन कर रहा है। किम जोंग उन के देश को यह डर सता रहा है कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया कहीं मिलकर उसके घर पर हमला न कर दें।

उत्तर कोरिया के पास लगभग 50 परमाणु हथियार भी हैं। ऐसे में उसे स्ट्राइक का डर और ज्यादा सता रहा है। हालांकि, यूक्रेन अगर उत्तर कोरिया पर कोई बड़ा हमला करता भी है तो भौगोलिक दूरी के कारण उसकी धरती पर ज्यादा असर होने की संभावना कम है। फिर भी, रूस के भीतर तक यूक्रेन के ड्रोन पहुंचने की क्षमता ने उत्तर कोरिया की चिंताएं बढ़ा दी हैं।