संजय कपूर के अंतिम संस्कार में देरी: अमेरिकी नागरिकता के कारण कानूनी पेंच में फंसा शव, दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार

करिश्मा कपूर के एक्स-हसबैंड संजय कपूर का लंदन में निधन हो गया है। उनकी अमेरिकी नागरिकता के कारण शव को भारत लाने में कानूनी अड़चन आ रही है, जिससे अंतिम संस्कार में देरी होगी। दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार।

संजय कपूर के अंतिम संस्कार में देरी: अमेरिकी नागरिकता के कारण कानूनी पेंच में फंसा शव, दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार
संजय कपूर का अंतिम संस्कार

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और प्रसिद्ध बिजनेसमैन संजय कपूर का गुरुवार (12 जून) को लंदन में दुखद निधन हो गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, पोलो खेलते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। बाद में यह भी सामने आया कि खेल के दौरान उनके मुँह में एक मधुमक्खी चली गई थी, जिससे हुए एलर्जिक रिएक्शन के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। संजय की अचानक हुई मौत ने उनके परिवार को पूरी तरह से हिलाकर रख दिया है। वहीं, अब उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने में कानूनी पेचीदगियां सामने आ रही हैं, जिसके चलते अंतिम संस्कार में देरी होने की संभावना है।


अमेरिकी नागरिकता बनी शव लाने में बाधा

एक नई रिपोर्ट के अनुसार, संजय कपूर के अंतिम संस्कार में लीगल फॉर्मेलिटी के चलते देरी हो सकती है, क्योंकि वह अमेरिकी नागरिक थे। एनडीटीवी की रिपोर्ट में बताया गया है कि संजय की अमेरिकी नागरिकता से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं के कारण उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने में लंबा वक्त लग रहा है। संजय की मृत्यु 12 जून को यूनाइटेड किंगडम में पोलो मैच के दौरान हुई थी।

रिपोर्ट की मानें तो, उनके शव को भारत लाने के बीच सबसे बड़ी परेशानी यही है कि संजय एक अमेरिकी नागरिक थे, जिनका निधन ब्रिटेन में हुआ है। इस स्थिति में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत लाने से पहले लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है।


दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार

संजय के ससुर और उनकी पत्नी प्रिया सचदेव के पिता अशोक सचदेव ने एनडीटीवी को बताया है कि संजय का अंतिम संस्कार दिल्ली में होगा। उन्होंने कहा, "पोस्टमॉर्टम अभी चल रहा है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए भारत लाया जाएगा।"

बता दें, शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया था कि 53 वर्षीय संजय की मौत पोलो खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से हुई। बाद में, कुछ रिपोर्टों ने दावा किया कि दिल का दौरा मधुमक्खी के डंक से हुई एक अजीब दुर्घटना के कारण हुआ था। हालांकि, मौत के कारण के बारे में अभी तक कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है।


संजय कपूर और उनकी तीन शादियां

संजय कपूर ने तीन बार शादी की और उनके तीन बच्चे हैं।

  • उनकी पहली शादी 1996 में फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से हुई थी और यह चार साल तक चली।
  • इसके बाद उन्होंने 2003 में करिश्मा कपूर से शादी की। इस जोड़े के दो बच्चे हैं – समायरा (19) और कियान (13)। 2014 में करिश्मा और संजय ने आपसी सहमति से तलाक के लिए अर्जी दी और 2016 में उनका तलाक फाइनल हो गया। तलाक के वक्त दोनों ने एक-दूसरे पर कई आरोप भी लगाए थे।
  • अलग होने के बाद संजय ने 2017 में प्रिया सचदेव से शादी की। इस जोड़े का एक बेटा अजारियस है।

संजय कपूर के निधन से उनके परिवार, व्यावसायिक जगत और बॉलीवुड में शोक की लहर है।