UP Accident : सोनभद्र में 35 सवारियों से भरी बस पलटी अंजानी गांव के पास हादसा, 8 घायल ग्रामीणों ने पहुंचाया बचाव कार्य में हाथ

सोनभद्र के बीजपुर में अंजनी गांव के पास 35 सवारियों से भारी बस पलट गई। हादसे में 6 महिलाएं समेट 8 यात्री घायल हुए। ग्रामीणों ने बचाव कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

UP Accident :  सोनभद्र में 35 सवारियों से भरी बस पलटी  अंजानी गांव के पास हादसा, 8 घायल ग्रामीणों ने पहुंचाया बचाव कार्य में हाथ

Road Accident in Sonbhadra : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर में अंजानी गांव के पास आज (सोमवार, 16 जून 2025) सुबह एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे हड़कंप मच गया। हादसे में छह महिलाओं सहित आठ यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।


कैसे हुआ हादसा?

यह निजी बस सुबह करीब 9:30 बजे बीजपुर से रेणुकूट के लिए करीब 35 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। अंजानी गांव के पास पहुँचते ही बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक बिजली के पोल से टकराते हुए पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर दौड़े और उन्होंने सवारियों को बस से बाहर निकालने में मदद की। प्रभारी निरीक्षक बीजपुर अखिलेश कुमार मिश्र भी मौके पर पहुँचे और बचाव कार्य का जायजा लिया।


आठ यात्री घायल, सभी खतरे से बाहर

दुर्घटना में कुल आठ यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें महरीकला निवासी किशुन बिहारी (53), गुलपत देवी (40), दुद्धी के मनबसा निवासी संतोष कुमार (25), रीना कुमारी (19), बीजपुर निवासी सुषमा कुमारी (20), बभनी निवासी ललिता (32), पिंडारी निवासी शिव कुमारी (20) और प्रीति (3) शामिल हैं।

सभी घायलों को एनटीपीसी रिहंद के धनवंतरि अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को घटनास्थल से ही दूसरे साधनों से आगे रवाना कर दिया गया।


बड़ा हादसा टला, यातायात सुचारु

सीओ दुद्धी राजेश कुमार ने बताया कि बस पलटने से आठ यात्री घायल हुए हैं। सभी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने पुष्टि की कि सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है।

एक बड़ा संयोग यह रहा कि जिस जगह बस पलटी, वहाँ पास से ही 11 केवी का बिजली का तार गुजर रहा था, लेकिन बस उसकी चपेट में नहीं आई, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।