अजय सिंह बने वाराणसी मंडल के नए अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा)
अजय सिंह ने पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) का पदभार ग्रहण किया।

वाराणसी: अजय सिंह ने आज पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) का पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले, वे उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में सचिव महाप्रबंधक और उप महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत थे।
अजय सिंह मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज से सिविल इंजीनियरिंग में बी.ई. हैं। वे इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ सिविल इंजीनियर्स (IRSE) के 2005 बैच के अधिकारी हैं।
अपने करियर में, अजय सिंह ने उप मुख्य इंजीनियर/टीएमसी/झांसी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/सेंट्रल/झांसी और उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज और झांसी मंडलों में मंडल इंजीनियर के रूप में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। 2013 में उत्तर मध्य रेलवे में आने से पहले, उन्होंने दक्षिण रेलवे में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
उन्होंने जापान में हाई स्पीड रेलवे और ऑस्ट्रिया में ट्रैक मशीन की कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया है। 2011 में चक्रवात के बाद ट्रैक बहाली के कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए उन्हें रेल मंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। मथुरा-पलवल चौथी लाइन परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
हाल ही में संपन्न होने वाले महाकुंभ-2025 के आयोजन में उन्होंने क्षेत्रीय रेलवे, रेलवे बोर्ड और स्थानीय जिला एवं पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अजय सिंह आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों के गहन अनुभव के साथ-साथ सामान्य प्रशासन में भी कार्य करने का व्यापक अनुभव रखते हैं और वे रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय हैं।