अफजलगढ़ थाने में तैनात हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र कुमार की बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत
बिजनौर के अफजलगढ़ में ड्यूटी से लौट रहे हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र कुमार की आंधी के कारण पेड़ से टकराकर दर्दनाक मौत।

ब्रेकिंग न्यूज़: बिजनौर, अफजलगढ़
अफजलगढ़ थाने में तैनात हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र कुमार की बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। पुष्पेन्द्र कुमार शेरगढ़ जटपुरा बैरियर से अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से वापस थाना अफजलगढ़ लौट रहे थे। जटपुरा शेरगढ़ मार्ग पर पहुंचते ही तेज आंधी, तूफान और बारिश के कारण सड़क पर अचानक अंधेरा छा गया। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क पर गिरे हुए एक पेड़ से टकरा गई, जिससे हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अफजलगढ़ के सीओ राजेश सिंह सोलंकी, थानाध्यक्ष सुमित राठी, एसआई मनोज कुमार, अफजलगढ़ कस्बा इंचार्ज प्रवीण कुमार और एसआई राजीव कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
सड़क दुर्घटना में हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र कुमार की असामयिक मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र कुमार अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे और वे जनता के बीच एक परिवार की तरह घुलमिलकर रहते थे।
35 वर्षीय पुष्पेन्द्र कुमार, स्वर्गीय जयभगवान के पुत्र और मूल रूप से गांव लुहारी पट्टी, थाना बड़ौत, जनपद बागपत के निवासी थे। उनकी भर्ती उत्तर प्रदेश पुलिस में 2011 बैच में हुई थी।
यह दुखद घटना अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शेरगढ़ जटपुरा मार्ग पर घटित हुई।