Lucknow : गोमती नगर विस्तार और दुबग्गा में LDA का बुलडोजर गरजा, अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

लखनऊ में LDA की बड़ी कार्रवाई! गोमती नगर विस्तार और दुबग्गा में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 12 बीघा जमीन खाली कराई गई।

Lucknow : गोमती नगर विस्तार और दुबग्गा में LDA का बुलडोजर गरजा, अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने आज राजधानी में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। LDA के बुलडोजर ने गोमती नगर विस्तार और दुबग्गा इलाके में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों पर गरजते हुए कार्रवाई की, जिससे अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गोमती नगर विस्तार में 'अनमोल स्टेट' के नाम से लगभग 12 बीघा क्षेत्रफल में एक अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। LDA की टीम ने जोन 1 के अंतर्गत किसान पथ के पास नूरपुर बेहटा में विकसित हो रही इस अवैध कॉलोनी को पुलिस बल के सहयोग से पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई दुबग्गा इलाके के जोन 7 में की गई, जहां ललित मिश्रा, ज्ञानेन्द्र सिंह व मोहम्मद अकील द्वारा जेहटा माल रोड पर लगभग 4 बीघा क्षेत्रफल में बिना ले-आउट पास कराए अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। LDA की टीम ने यहां भी बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया।

LDA के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के सख्त निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई। सूत्रों की मानें तो LDA के कुछ JE (जूनियर इंजीनियर) और AE (असिस्टेंट इंजीनियर) की मिलीभगत से ये अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं, जिसकी जांच भी LDA द्वारा की जा रही है।

LDA की इस सख्ती से अवैध प्लाटिंग करने वालों को कड़ा संदेश गया है कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण या कॉलोनी विकसित करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई लखनऊ में अवैध निर्माणों के खिलाफ LDA के अभियान का हिस्सा है, जो शहर के नियोजित विकास को सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है।