Maharashtra News : नौसेना इंजीनियर पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, हनीट्रैप का शिकार
महाराष्ट्र ATS ने नौसेना डॉक में काम करने वाले जूनियर मैकेनिकल इंजीनियर रवि कुमार वर्मा को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया, ISI के फेसबुक अकाउंट से था संपर्क, हनीट्रैप में फंसा।

यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि महाराष्ट्र से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। ATS के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार वर्मा के रूप में हुई है, जो ठाणे के कलवा का रहने वाला है। रवि मुंबई के नौसेना डॉक में जूनियर मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। उस पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान को भारतीय नौसेना की 14 पनडुब्बियों और युद्धपोतों से संबंधित गोपनीय जानकारी लीक की है। अब ATS रवि से यह जानने के लिए गहन पूछताछ करेगी कि उसने यह संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक कैसे पहुंचाई।
महाराष्ट्र ATS की जांच में सामने आया है कि रवि कुमार वर्मा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के दो फेसबुक अकाउंट के संपर्क में था। ये दोनों फेसबुक प्रोफाइल 'पायल शर्मा' और 'इसप्रीत' के नाम से बनाए गए थे। रवि वर्मा ने इन्हीं दोनों फेसबुक पेजों के माध्यम से 14 भारतीय पनडुब्बियों और युद्धपोतों के बारे में गुप्त जानकारी साझा की थी। उसने युद्धपोतों और अन्य नौसैनिक जहाजों की महत्वपूर्ण जानकारी के साथ-साथ उनकी तस्वीरें भी पाकिस्तान भेजी थीं।
चूंकि नौसेना डॉक क्षेत्र में मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित है, इसलिए रवि वर्मा वहां मौजूद युद्धपोतों के डिजाइन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को याद कर लेता था। बाद में, वह इस एकत्रित जानकारी को 'पायल शर्मा' और 'इसप्रीत' नामक फेसबुक प्रोफाइल पर साझा करता था। जांच से यह भी पता चला है कि रवि यह जानकारी ऑडियो और टेक्स्ट दोनों फॉर्मेट में भेजता था।
2024 से पाकिस्तान के संपर्क में
महाराष्ट्र ATS के अनुसार, रवि वर्मा नवंबर 2024 से ही इन पाकिस्तानी फेसबुक अकाउंट्स के संपर्क में था। पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों ने 'पायल शर्मा' और 'इसप्रीत' के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाए थे। इन्हीं प्रोफाइल के माध्यम से रवि वर्मा से एक कथित प्रोजेक्ट के लिए युद्धपोतों के बारे में जानकारी मांगी जा रही थी। हनीट्रैप में फंसे रवि वर्मा ने बार-बार यह संवेदनशील जानकारी 'पायल शर्मा' और 'इसप्रीत' को भेजी।
टूटी शादी
इस बीच, रवि वर्मा से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। रवि की जल्द ही शादी होने वाली थी, लेकिन ATS द्वारा गिरफ्तारी के बाद उसकी शादी टूट गई। कुछ दिन पहले ही उसकी मां ने रिश्ता तय किया था। लड़की के परिवार ने कहा कि वे देश के साथ गद्दारी करने वाले व्यक्ति के साथ अपनी बेटी का विवाह नहीं करेंगे। लड़की के परिवार ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि केवल सगाई हुई थी और रवि का असली चेहरा सामने आ गया। उनका मानना है कि अगर शादी हो जाती तो उनकी बेटी का जीवन बर्बाद हो जाता।