Varanasi: नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की कार्रवाई: कांग्रेस का जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन संपन्न भारत न्यूज़ | 16 अप्रैल 2025
नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन, लोकतंत्र को कुचलने की साजिश बताया।

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा आरोप पत्र दाखिल किए जाने के विरोध में आज देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसी क्रम में आज जिले में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मोदी सरकार पर “लोकतंत्र की हत्या” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईडी की कार्रवाई सत्ता के इशारे पर की जा रही राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है।
नेताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों को जब्त करना केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं बल्कि एक योजनाबद्ध साजिश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह इस कार्रवाई के पीछे हैं, जो कांग्रेस को कमजोर करने और गांधी परिवार को निशाना बनाने की मंशा से प्रेरित है।
कांग्रेसजनों ने स्पष्ट किया कि वे न तो डरेंगे और न ही रुकेंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि वे इस लड़ाई को सड़क से संसद तक जारी रखेंगे।
मोदी सरकार पर गंभीर आरोप
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की "हम दो हमारे दो" नीति — जिसमें अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों को फायदा पहुँचाने की बात कही जाती है — के खिलाफ आवाज उठाने पर राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया जाए। पहले आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज़ किया गया और अब ईडी के जरिए संपत्तियाँ जब्त की जा रही हैं।
कांग्रेस की चेतावनी: “सत्य नहीं झुकेगा”
नेताओं ने कहा कि यह कार्रवाई केवल कांग्रेस पर नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र पर हमला है। गांधी परिवार, जिन्होंने देश के लिए बलिदान दिए हैं, उनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और उसकी एजेंसियाँ चाहे जितनी कोशिश कर लें, कांग्रेस का मनोबल नहीं टूटेगा।
कांग्रेस की एकजुटता और भागीदारी
इस विरोध प्रदर्शन में जिले और महानगर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रमुख रूप से मौजूद रहे: फ़साहत हुसैन बाबू, सजीव सिंह, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, ऋषभ पाण्डेय, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, अरुण सोनी, राजीव राम, अशोक सिंह, विनोद सिंह, आरती सरोज, अनुपम राय, कुंवर यादव और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी।
What's Your Reaction?






