Prayagraj News : पत्नी के मायके जाते ही पति ने रचाई दूसरी शादी, लौटी तो सौतन संग मिलकर पीटा
प्रयागराज में पत्नी के मायके जाते ही पति ने दूसरी शादी कर ली। लौटने पर सौतन संग मिलकर पहली पत्नी को पीटा और घर से निकाला। मामला दर्ज।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नीबी गहरवार इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के मायके जाते ही दूसरी महिला से शादी कर ली और उसे घर ले आया। पहली पत्नी जब ससुराल लौटी तो अपनी सौतन को देखकर गुस्से से आगबबूला हो गई। उसने इसका विरोध किया, लेकिन यह विरोध उस पर ही भारी पड़ गया।
आरोप है कि पति ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर पहली पत्नी को जमकर पीटा और फिर उसे घर से धक्का देकर निकाल दिया। पीड़िता ने इस संबंध में अपने पति, सौतन और सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है, और पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
यह अजब-गजब मामला बेदौली भींस गांव का है। जानकारी के अनुसार, अनीता देवी का विवाह 27 मई 2022 को सुनील कुमार के साथ हुआ था। शादी के एक साल बाद ही, जब उनकी एक बेटी हुई, तो ससुराल में पति सुनील कुमार, ससुर राम नरेश और सास सरिता देवी दहेज के लिए उन्हें प्रताड़ित करने लगे। एक महीने पहले ससुराल वालों ने मारपीट कर अनीता को उसके मायके भेज दिया था।
पीड़िता 19 मई 2025 को जब अपने ससुराल लौटी, तो उसे पता चला कि उसके पति ने 17 मई 2025 को संगीता नाम की एक दूसरी लड़की से शादी कर ली है और उसे घर में रखा है। अनीता का आरोप है कि ससुराल पहुंचने पर उसकी सास, ससुर, पति और सौतन ने उसे गालियां दीं और मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही, उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में गांव की बिरादरी पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल वालों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। आखिरकार, पीड़िता अनीता देवी ने मांडा के इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने अनीता की शिकायत पर उसके पति, सास, ससुर और सौतन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।