Prayagraj News : यमुना किनारे मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

प्रयागराज के घूरपुर में यमुना नदी किनारे किशोर का शव मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी।

Prayagraj News : यमुना किनारे मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

Prayagraj News: घूरपुर थाना क्षेत्र के कंजासा गांव में गुरुवार शाम से लापता 13 वर्षीय किशोर रोहित का शव शुक्रवार को यमुना नदी के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने किशोर की हत्या की आशंका जताई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मृतक रोहित निषाद, सिपाही लाल निषाद का तीसरा बेटा था। सिपाही लाल बालू मजदूरी करते हैं। रोहित गुरुवार को गांव के पास यमुना नदी की तराई में बकरियां चराने गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग यमुना नदी में नहाने गए, तो उन्होंने घाट के पास घुटने भर पानी में रोहित का शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अपने बेटे का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे। जब शव को पानी से बाहर निकाला गया, तो उसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था, और सिर पर भी चोट के निशान दिखाई दिए।

मृतक के परिजनों ने किशोर की हत्या का आरोप लगाया है। घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष घूरपुर ने तत्काल फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को बुलाया और घटना स्थल की बारीकी से जांच कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके और आगे की कार्रवाई की जा सके।