सीमा हैदर के घर पर हमले की कोशिश, वकील एपी सिंह बोले- हो सकती है साजिश
ग्रेटर नोएडा में सीमा हैदर के घर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने हमला करने की कोशिश की। वकील एपी सिंह ने इसे असामाजिक तत्वों की साजिश बताया और यूपी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रेटर नोएडा: पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर एक बार फिर चर्चा में हैं। शनिवार शाम ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा गांव स्थित उनके घर में एक अज्ञात व्यक्ति ने घुसकर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। सीमा के शोर मचाने पर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हमले के बाद सीमा के वकील एडवोकेट एपी सिंह ने एक वीडियो जारी कर इसे गंभीर साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल संयोग नहीं हो सकती, बल्कि यह असामाजिक तत्वों की सोची-समझी साजिश हो सकती है। उन्होंने इस हमले के पीछे सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही नफरत को भी जिम्मेदार ठहराया।
‘गुजरात से रबूपुरा तक पहुंचा आरोपी, क्या ये मंदबुद्धि का संकेत है?’
एपी सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपी गुजरात से चलकर दिल्ली होते हुए रबूपुरा के घर तक पहुंचा, यह कोई साधारण मानसिकता वाला व्यक्ति नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अगर यह हमला सीमा के खिलाफ कोई संगठित साजिश है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
'महिला का अपमान कोर्ट की अवमानना'
एपी सिंह ने कहा कि सीमा एक महिला हैं, किसी की बहन, बेटी और बहू हैं, और उन पर किया गया यह हमला न केवल एक महिला का अपमान है, बल्कि अदालत के आदेश की अवमानना भी है। उन्होंने कहा कि सीमा फिलहाल कोर्ट के आदेश के तहत भारत में रह रही हैं, और इस तरह का हमला कोर्ट की अवमानना की श्रेणी में आता है।
'सीमा सुरक्षित हैं लेकिन भय का वातावरण बना'
वकील ने बताया कि सीमा हाल ही में अपनी नवजात बच्ची के इलाज के लिए अस्पताल गई थीं और एक दिन पहले ही घर लौटी थीं। ऐसे समय में उन पर हमला न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि घर में छोटे बच्चों के लिए खतरे की घंटी भी है। उन्होंने कहा कि सीमा फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन परिवार में डर का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, ATS भी पहले से सक्रिय
घटना के बाद यूपी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसकी मानसिक स्थिति की जांच करवाई जा रही है। साथ ही उसके कॉल डिटेल और संपर्कों की भी गहराई से पड़ताल हो रही है। वकील ने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार, योगी आदित्यनाथ, पुलिस और ATS पर पूरा भरोसा है कि इस साजिश का खुलासा किया जाएगा।
समाज और देश सीमा के साथ – एपी सिंह
एपी सिंह ने अपने बयान में कहा कि पूरा मीणा समाज और देश सीमा के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि रबूपुरा या ठाकुरान मोहल्ला कमजोर नहीं है और न ही मीणा समाज। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि दोबारा कोई ऐसी घटना न दोहराई जाए।