विश्व पर्यावरण दिवस पर 'एक पेड़ माँ के नाम': वाराणसी में महापौर ने 101 वृक्ष लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वाराणसी के करसड़ा स्थित कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत 101 वृक्षों का रोपण किया। नगर निगम ने इस वर्ष 20 हजार वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा है।

वाराणसी: विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर वाराणसी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने करसड़ा स्थित कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट पर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण किया।
आज गुरुवार, दिनांक 05 जून 2025 को सुबह महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने प्लांट पर पहुँचकर वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। करसड़ा स्थित प्लांट पर पीपल, पाकड़, बरगद तथा नीम के कुल 101 वृक्ष लगाए गए। संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र के द्वारा पूर्व से ही करसड़ा प्लांट पर वृक्षारोपण की पूरी तैयारी की गई थी।
विश्व पर्यावरण दिवस पर महापौर ने नगर वासियों को संदेश दिया कि नगर निगम द्वारा इस वर्ष बीस हजार वृक्ष, ट्रीगार्ड के साथ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभी नगर वासियों से अपील की है कि पर्यावरण को बचाने और संतुलन बनाए रखने के लिए सभी लोग वृक्ष लगाएं और उसकी देखभाल करें।